केंद्रीय बजट में महाराष्ट्र के हाथ खाली: विजय वडेट्टीवार

Ads

केंद्रीय बजट में महाराष्ट्र के हाथ खाली: विजय वडेट्टीवार

  •  
  • Publish Date - February 1, 2026 / 05:26 PM IST,
    Updated On - February 1, 2026 / 05:26 PM IST

मुंबई, एक फरवरी (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने रविवार को कहा कि केंद्रीय बजट में एक बार फिर महाराष्ट्र के ‘‘हाथ खाली’’ रह गए और इसने किसानों, मजदूरों तथा मध्यम वर्ग को निराश किया है।

नागपुर में वडेट्टीवार ने संवाददाताओं के साथ बातचीत में आरोप लगाया कि राष्ट्रीय खजाने में सबसे बड़ा योगदान देने और देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का प्रमुख आधार होने के बावजूद केंद्र ने महाराष्ट्र को कुछ नहीं दिया।

महाराष्ट्र कांग्रेस विधायक दल के नेता वडेट्टीवार ने दावा किया, “केंद्र महाराष्ट्र से कर वसूलता है, लेकिन धनराशि अन्य राज्यों को देता है। यह राज्य के साथ सरासर अन्याय है।”

बजट में कृषि को लेकर अपनाए गए रवैये की आलोचना करते हुए वडेट्टीवार ने कहा कि फसल की कीमत, भंडारण की सुविधा, प्रशीतन भंडारण और नए बाजारों के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं होने से किसानों को बेसहारा छोड़ दिया गया है।

वडेट्टीवार ने कहा, “खाद की बढ़ती कीमतों, खेती की लागत में इजाफा और न्यूनतम समर्थन मूल्य के अनसुलझे मुद्दे के बावजूद बजट में किसानों के लिए केवल घोषणाएं हैं, कोई ठोस लाभ नहीं। कृषि क्षेत्र को मजबूत करने पर भी ध्यान नहीं दिया गया है।”

उन्होंने प्रौद्योगिकी आधारित विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जहां केंद्र स्तर पर कृत्रिम मेधा (एआई) के लिए धन की घोषणा की गई है, वहीं महाराष्ट्र में एआई के लिए पहले घोषित 500 करोड़ रुपये का आवंटन अब तक उपयोग में नहीं लाया गया है।

वडेट्टीवार ने आरोप लगाया, “यह बजट कुछ गिने-चुने उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए बनाया गया है, जबकि देश के अन्नदाता एक बार फिर उपेक्षित रह गए हैं।’’

उन्होंने कहा, “युवा रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन रोजगार सृजन के लिए सरकार के पास कोई स्पष्ट ‘रोडमैप’ नहीं है। महंगाई पर काबू नहीं है और मध्यम वर्ग पर करों का बोझ बढ़ता जा रहा है, जबकि उनकी आय में कोई खास वृद्धि नहीं हो रही है।”

भाषा खारी नेत्रपाल

नेत्रपाल