नागपुर, एक फरवरी (भाषा) गत चैंपियन विदर्भ ने रविवार को यहां उत्तर प्रदेश को चार विकेट से हराकर ग्रुप ए से आंध्र के साथ एलीट रणजी ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
विदर्भ की टीम ग्रुप ए में आंध्र के बाद दूसरे स्थान पर रही। दोनों टीम ने सात मैच में समान 31 अंक हासिल किए लेकिन आंध्र की टीम बेहतर नेट रन रेट के कारण शीर्ष पर रही।
उत्तर प्रदेश के 201 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए विदर्भ की टीम ने चौथे और अंतिम दिन चार विकेट पर 91 रन से आगे खेलते हुए छह विकेट गंवाकर 58.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
सलामी बल्लेबाज अमन मोखाडे 150 गेंद में 83 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके मारे। दानिश मालेवार ने भी 54 रन की पारी खेली।
उत्तर प्रदेश की तरफ से बाएं हाथ के स्पिनर शिवम शर्मा ने 55 रन देकर चार विकेट चटकाए।
सोविमा में अपने अंतिम मैच में नगालैंड के खिलाफ ड्रॉ खेल आंध्र की टीम शीर्ष पर रही।
नगालैंड ने दूसरी पारी में चार विकेट पर 85 रन से आगे खेलते हुए 342 रन बनाए। चेतन बिष्ट ने 100 जबकि नगाहो चिषी ने 79 रन की पारी खेली।
आंध्र को 173 रन का लक्ष्य मिला लेकिन टीम 8.3 ओवर में चार विकेट पर 64 रन बनाने के बाद मैच ड्रॉ कराने को राजी हो गई क्योंकि उसे तालिका के शीर्ष पर जगह दिलाने के लिए ड्रॉ काफी था।
ग्रुप ए के एक अन्य मैच में जमशेदपुर में मेजबान झारखंड ने ओडिशा को चार विकेट से हराया लेकिन टीम तीसरे स्थान पर रही।
ओडिशा ने दूसरी पारी की शुरुआत आठ विकेट पर 202 रन से करते हुए मैच के अंतिम दिन 226 रन बनाए। झारखंड को 246 रन का लक्ष्य मिला जो उसने 71.3 ओवर में छह विकेट गंवाकर हासिल कर लिया।
सलामी बल्लेबाज शरणदीप सिंह (64) और रोबिन मिन्ज (63) ने अर्धशतक जड़े जबकि अनुकूल रॉय (45) ने भी उम्दा पारी खेली।
नॉकआउट की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुके तमिलनाडु और बड़ौदा का मैच नीरस ड्रॉ रहा।
तमिलनाडु ने अंतिम दिन सात विकेट पर 411 रन से आगे खेलते हुए 449 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज विमल कुमार 182 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे।
इसके जवाब में पहली पारी में 375 रन बनाने वाले बड़ौदा ने दूसरी पारी में शिवालिक शर्मा (नाबाद 59) और ज्योत्सनिल सिंह (नाबाद 55) के अर्धशतक से बिना विकेट खोए 124 रन बनाए।
भाषा सुधीर आनन्द
आनन्द