महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव: कांग्रेस ने महायुति पर लगाया जनप्रतिनिधियों की खरीद-फरोख्त का आरोप

Ads

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव: कांग्रेस ने महायुति पर लगाया जनप्रतिनिधियों की खरीद-फरोख्त का आरोप

  •  
  • Publish Date - May 27, 2026 / 06:57 PM IST,
    Updated On - May 27, 2026 / 06:57 PM IST

मुंबई, 27 मई (भाषा) कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने बुधवार को आरोप लगाया कि विधान परिषद चुनाव से पहले सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति “जनप्रतिनिधियों की खरीद-फरोख्त” में शामिल है।

उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाडी (एमवीए) में सीट बंटवारे की बातचीत सुचारू रूप से आगे बढ़ रही है।

सपकाल ने एक संयुक्त बैठक के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए ने कहा कि एमवीए 17 विधान परिषद सीट जीतने के लिए एकजुट है और गठबंधन में किसी भी तरह का मतभेद नहीं है।

महाराष्ट्र में 18 जून को 16 विधान परिषद सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव जबकि एक सीट पर उपचुनाव होने हैं।

तत्कालीन विधान पार्षद और भाजपा नेता चंद्रशेखर बावनकुले की 2024 के विधानसभा चुनाव में जीत के बाद खाली हुई सीट पर उपचुनाव होना है।

सपकाल ने कहा, “एमवीए में सभी 17 सीटों पर चर्चा जारी है। कोई गतिरोध नहीं है, कोई भ्रम नहीं है, और बातचीत के माध्यम से हम मिलकर इन चुनावों में भाग लेंगे।”

भाजपा और उसके सहयोगी दलों राकांपा व शिवसेना पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि विधान परिषद चुनावों में “कीमत बढ़ गई हैं और कीमत तय कर दी गई हैं।”

उन्होंने कहा, “भाजपा और उसके सहयोगी न तो लोकतंत्र पर भरोसा करते हैं और न ही स्वयं पर, इसलिए उन्होंने यह जनप्रतिनिधियों की खरीद शुरू कर दी है।”

भाजपा नेताओं द्वारा चंद्रपुर और अन्य क्षेत्रों के पार्षदों से संपर्क किए जाने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए सपकाल ने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले दबाव की रणनीतियां अपनाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा, “हम सभी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। कुछ जगहों पर हम गुरिल्ला रणनीति जैसी राजनीतिक रणनीति अपनाएंगे, और कुछ जगहों पर कूटनीति का इस्तेमाल करेंगे। पूरी तस्वीर एक जून को साफ हो जाएगी।”

सोलापुर, अहमदनगर, ठाणे, जलगांव, सांगली-सातारा, भंडारा, यवतमाल, पुणे, भंडारा-गोंदिया, रायगढ़-रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग, नासिक, वर्धा-चंद्रपुर-गढ़चिरौली, अमरावती, उस्मानाबाद-लातूर-बीड़, परभणी-हिंगोली और औरंगाबाद-जालना सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होंगे।

नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि एक जून है।

भाषा जोहेब माधव

माधव