मुंबई, 29 मई (भाषा) महाराष्ट्र में विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) ने शुक्रवार को कहा कि उसने 18 जून को होने वाले महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए सीट बंटवारे के समझौते को अंतिम रूप दे दिया है, जिसके तहत कांग्रेस 17 में से सबसे अधिक आठ सीट पर चुनाव लड़ेगी।
कांग्रेस की राज्य इकाई के प्रमुख हर्षवर्द्धन सपकाल ने कहा कि एमवीए में सभी 17 सीट पर आम सहमति बन गई है। एमवीए में कांग्रेस के अलावा शिवसेना (उबाठा) और राकांपा (शप) भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस चंद्रपुर, यवतमाल, भंडारा, अमरावती, अहिल्यानगर, सोलापुर, धाराशिव और नागपुर (जहां उपचुनाव हो रहा है) से चुनाव लड़ेगी।
सपकाल ने कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) छह सीट रायगढ़, जलगांव, परभणी-हिंगोली, छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़ और नासिक पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा पुणे, ठाणे और सांगली-सतारा में चुनाव लड़ेगी।
सत्तारूढ़ भाजपा-राकांपा-शिवसेना गठबंधन ने अभी तक अपने सीट-बंटवारे के फॉर्मूले की घोषणा नहीं की है।
नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि एक जून है। नामांकन पत्रों की जांच दो जून को होगी, नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि चार जून है और मतदान 18 जून को होगा। मतों की गिनती 22 जून को होगी।
सूत्रों के मुताबिक, सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के भीतर बातचीत अंतिम चरण में है और 17 में से 16 सीट पर फैसला हो चुका है, जबकि छत्रपति संभाजीनगर-जालना सीट पर अभी सहमति नहीं बनी है।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा 10 या 11 सीट पर, शिवसेना चार सीट पर और राकांपा दो सीट पर चुनाव लड़ सकती है।
भाजपा के नागपुर, अहिल्यानगर, धाराशिव, जलगांव, सोलापुर, लातूर, नांदेड़, अमरावती, वर्धा-चंद्रपुर-गडचिरोली, भंडारा-गोंदिया और सांगली-सतारा से चुनाव लड़ने की उम्मीद है। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ठाणे, यवतमाल, नासिक और परभणी-हिंगोली से चुनाव लड़ सकती है। सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राकांपा को पुणे और कोंकण की एक सीट मिलने की संभावना है।
इस बीच, सपकाल ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावों को प्रभावित करने के लिए धन बल का इस्तेमाल कर रही है।
कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘पार्षदों को अग्रिम भुगतान का लालच दिया जा रहा है और चुनाव धन बल से लड़े जा रहे हैं।’’
भाषा शोभना दिलीप
दिलीप