उपकरण से जुड़ी तकनीकी समस्या के कारण ऐश्वर्य प्रताप तोमर अयोग्य घोषित

Ads

उपकरण से जुड़ी तकनीकी समस्या के कारण ऐश्वर्य प्रताप तोमर अयोग्य घोषित

  •  
  • Publish Date - May 29, 2026 / 06:28 PM IST,
    Updated On - May 29, 2026 / 06:28 PM IST

म्यूनिख, 29 मई (भाषा) भारतीय निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर को पदक दौर से पहले उपकरण से जुड़ी एक तकनीकी समस्या के कारण शुक्रवार को यहां आईएसएसएफ विश्व कप में पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन (थ्रीपी) स्पर्धा के फाइनल से अयोग्य घोषित कर दिया गया।

फाइनल से पहले दो बार के ओलंपियन ऐश्वर्य ने शानदार प्रदर्शन किया और क्वालीफिकेशन दौर में 592 के मजबूत स्कोर के साथ पांचवें स्थान पर रहे।

लेकिन प्रतियोगिता के बाद की उपकरण जांच शीर्ष 10 निशानेबाजों के लिए पदक दौर से पहले कराई गई जिसमें आईएसएसएफ तकनीशियनों ने भारतीय निशानेबाज के उपकरण में एक खामी पाई।

भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘‘वह पिछले एक साल से इसी राइफल का उपयोग कर रहे हैं। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले हुई प्रतियोगिता पूर्व उपकरण जांच में राइफल को सही पाया गया था। उन्होंने क्वालीफिकेशन में भी इसी राइफल का उपयोग किया था। ’’

सूत्र ने कहा, ‘‘फिर प्रतियोगिता के बाद की जांच में उन्होंने कहा कि राइफल के माप में कुछ गड़बड़ी है। भारतीय दल ने आईएसएसएफ की जूरी से अपील की और अपना पक्ष रखते हुए कहा कि यह राइफल प्रतियोगिता पूर्व उपकरण जांच में पास हो गई थी। लेकिन आईएसएसएफ माना नहीं और उनकी अयोग्यता बरकरार रही। ’’

इस तकनीकी समस्या की वजह से वह फाइनल में पोडियम फिनिश के लिए मुक़ाबला नहीं कर पाए तो वहीं इसका असर उनके एशियाई खेलों के लिए चयन पर भी पड़ सकता है क्योंकि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के स्कोर का काफी अहम होता है।

सूत्र ने कहा, ‘‘ऐसे में हमें शायद चयन ट्रायल करवाना पड़ सकता है। ’’

पच्चीस साल के ऐश्वर्य ने पिछले कुछ साल में खुद को भारत के बेहतरीन निशानेबाजों में से एक के तौर पर स्थापित किया है। उन्होंने तोक्यो 2020 ओलंपिक्स और 2024 के पेरिस ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।

पिछले साल काहिरा में हुई आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप में उन्होंने 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में व्यक्तिगत रजत पदक जीता था। इस दौरान उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने क्वालीफिकेशन राष्ट्रीय रिकॉर्ड (597) की बराबरी भी की थी।

इस साल नयी दिल्ली में हुई एशियाई चैंपियनशिप में उन्होंने अपने आखिरी शॉट पर 10.7 का शानदार स्कोर करके अपने महाद्वीपीय ख़िताब को सफलतापूर्वक बरकरार रखा। दोहा में हुए पिछले विश्व कप फाइनल में उन्होंने नए प्रारूप के अंतर्गत रजत पदक जीता था।

भाषा नमिता मोना

मोना