महाराष्ट्र विधानमंडल, उद्योगपति मुकेश अंबानी और अदाणी ने अजित पवार को दी श्रद्धांजलि
महाराष्ट्र विधानमंडल, उद्योगपति मुकेश अंबानी और अदाणी ने अजित पवार को दी श्रद्धांजलि
मुंबई, 23 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार को सोमवार को राजनीतिक नेताओं, उनके सहयोगियों और प्रमुख उद्योगपतियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके साथ अपने संबंधों को याद किया।
अजित पवार की पिछले महीने एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी।
मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने विधानमंडल के बजट सत्र के पहले दिन पवार के निधन पर शोक व्यक्त किया। उपमुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने अजितदादा को ‘‘बड़ा भाई’’ बताया और खुद को, फडणवीस और पवार को भावनात्मक जुडा़व के आधार पर ‘‘समबाहु त्रिकोण’’ बताया।
शाम के समय मुंबई के वर्ली इलाके में आयोजित एक शोक सभा पर में मुकेश अंबानी और गौतम अदाणी से लेकर नेताओं तक प्रमुख हस्तियों ने दिवंगत नेता को प्रशासनिक कौशल से परिपूर्ण व्यक्ति के रूप में याद किया।
कई लोगों ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विमान दुर्घटना मामले की गहन जांच की भी मांग की। यह मांग ‘लियरजेट 45’ विमान के ‘ब्लैक बॉक्स’ के क्षतिग्रस्त होने की खबरों के बीच की गई।
एनएससीआई डोम में इस समारोह में भाग लेने वालों में भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश भूषण गवई, महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, विधान परिषद के अध्यक्ष राम शिंदे और शिवसेना (उबाठा) नेता आदित्य ठाकरे शामिल थे।
इसमें शामिल हुए अन्य लोगों में राकांपा के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल, राकांपा (शप) सांसद सुप्रिया सुले, उनके पति सदानंद सुले, दिवंगत नेता की पत्नी और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार तथा उनके बच्चे, उनके भाई श्रीनिवास और राजेंद्र शामिल थे। प्रसिद्ध गायक सुरेश वाडकर ने इस अवसर पर भक्ति गीत प्रस्तुत किए।
शोक सभा में वक्ताओं ने कहा कि अजितदादा एक ऐसे नेता थे जिन्होंने राजनीतिक मतभेदों को राज्य के विकास में कभी बाधा नहीं बनने दिया।
राकांपा (शप) के नेता जयंत पाटिल ने कहा कि 28 जनवरी की दुखद घटना ने पार्टी संगठन को मजबूत करने और महाराष्ट्र के विकास के लिए एकजुट होकर काम करने की पवार की महत्वाकांक्षा को खत्म कर दिया।
अभिनेता नाना पाटेकर ने अजित पवार के साथ अपने 50 साल पुराने जुड़ाव को याद करते हुए कहा, ‘‘कितना अच्छा होता अगर हम अजितदादा का 75वां जन्मदिन मनाने के लिए यहां एकत्र होते।’’
इससे पहले दिन में, राज्य विधानमंडल में भावनात्मक दृश्य दिखाई दिए जब राकांपा (शप) विधायक रोहित पवार और राकांपा के कुछ अन्य नेता अजित पवार को याद करते हुए भावुक हो गए।
फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र ने एक कद्दावर नेता और प्रशासक खो दिया है।
उन्होंने कहा, ‘‘ अजितदादा (पवार को प्यार से बुलाया जाता था) और मेरी जन्मतिथि एक ही है, लेकिन वह उम्र में मुझसे 11 साल बड़े थे। वह वास्तविक अर्थों में मेरे दादा थे।’
रोहित पवार अपने दिवंगत चाचा को याद करते हुए आंसुओं पर काबू पाने की कोशिश करते दिखे।
विधानसभा में उन्होंने कहा, ‘‘मेरे चाचा मुझसे अपना ख्याल रखने के लिए कहते थे। वह मुझसे अपनी शर्ट के बटन ठीक से लगाने और अपने बाल काटने के लिए कहते थे। वह मुझसे अपना शारीरिक वजन कम करने के लिए कहते थे, न कि राजनीतिक वजन कम करने के लिए।’’
उन्होंने कहा कि अजित पवार दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत के जरिए जमीनी स्तर से ऊपर उठे।
भाषा शोभना नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


