महाराष्ट्र: क्रिकेट टूर्नामेंट में आमंत्रित न किए जाने पर स्थानीय नेता ने ट्रैक्टर से पिच को खोदा
महाराष्ट्र: क्रिकेट टूर्नामेंट में आमंत्रित न किए जाने पर स्थानीय नेता ने ट्रैक्टर से पिच को खोदा
मुंबई, 19 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के जलगांव जिले में क्रिकेट के एक टूर्नामेंट के फाइनल मैच के दौरान एक स्थानीय नेता ट्रैक्टर लेकर मैदान के बीचोंबीच पहुंच गया और पिच को खोद दिया। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय नेता मैच में आमंत्रित नहीं किये जाने से नाराज था और उसकी इस हरकत से खेल बाधित हो गया।
यह घटना 12 अप्रैल को धरंगांव में आयोजित एमएलए ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल के दौरान हुई।
अधिकारियों के अनुसार, धरंगांव नगर परिषद के अध्यक्ष पद पर कार्यरत यह नेता आयोजकों द्वारा आमंत्रित न किए जाने से नाराज था।
घटना का एक वीडियो प्रसारित हो गया, जिसमें आरोपी व्यक्ति ट्रैक्टर चलाते हुए मैदान पर घुसता है और मैदान के बीचोंबीच बनी पिच को खोद देता है, जिससे पिच खेलने लायक नहीं रह जाती।
स्थिति तेजी से बिगड़ने पर खिलाड़ी, आयोजक और दर्शक स्तब्ध रह गए।
एक अधिकारी ने बताया, “परिषद अध्यक्ष ने क्रोध में आकर यह कदम उठाया।”
खेल की असुरक्षित परिस्थितियों के कारण मैच तुरंत रद्द कर दिया गया, जिससे धरंगांव और आसपास के गांवों की स्थानीय टीमों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ गईं।
अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया।
अधिकारी ने बताया कि आयोजकों ने मामले को आगे न बढ़ाने का फैसला किया इसलिए कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।
भाषा जितेंद्र रंजन
रंजन

Facebook


