महाराष्ट्र : मंत्री नितेश राणे ने किया राज्य में ‘कॉर्पोरेट जिहाद’ का दावा

Ads

महाराष्ट्र : मंत्री नितेश राणे ने किया राज्य में ‘कॉर्पोरेट जिहाद’ का दावा

  •  
  • Publish Date - April 16, 2026 / 02:52 PM IST,
    Updated On - April 16, 2026 / 02:52 PM IST

मुंबई, 16 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे ने राज्य में “कॉर्पोरेट जिहाद” सामने आने का दावा करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि “जिहादी गतिविधियों” को रोकने के लिए नौकरियों में केवल हिंदू उम्मीदवारों को प्राथमिकता देना समय की मांग है।

उनकी यह टिप्पणी नासिक स्थित टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) की एक बीपीओ यूनिट में कथित धर्मांतरण के प्रयासों और यौन उत्पीड़न के मामलों के संदर्भ में आई है।

पुलिस ने इस मामले में टीसीएस के आठ कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सात पुरुष और एक महिला प्रबंधक शामिल हैं। एक अन्य महिला कर्मचारी फरार है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने बुधवार को कहा कि उसने कथित यौन उत्पीड़न की घटनाओं की जांच के लिए एक तथ्य-अन्वेषण समिति गठित की है।

नासिक के टीसीएस मामले का हवाला देते हुए राणे ने आरोप लगाया कि नौकरियों का इस्तेमाल धर्मांतरण के साधन के रूप में किया जा रहा है।

उन्होंने पत्रकारों से कहा, “यदि व्यापार से लेकर कॉरपोरेट कार्यालयों तक हर मंच का उपयोग हिंदुओं को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है, तो इसका कड़ा जवाब देने का समय आ गया है।”

उन्होंने दावा किया कि ऐसी घटनाओं के कारण हिंदू समुदाय में यह भावना बढ़ रही है कि आर्थिक लेन-देन और रोजगार केवल अपने समुदाय के लोगों के साथ ही किए जाएं।

मंत्री ने यह भी चेतावनी दी कि कंपनियां भविष्य में ऐसी “जिहादी गतिविधियों” को रोकने के लिए केवल हिंदुओं को नौकरी देने की नीति अपना सकती हैं।

उन्होंने कहा, “हम समाज को बांटने की कोशिश नहीं कर रहे हैं, बल्कि जमीनी अनुभवों पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। यदि रोजगार का उपयोग धर्मांतरण के लिए किया जाता है, तो हिंदू उम्मीदवारों को प्राथमिकता देना ‘हिंदू राष्ट्र’ को मजबूत करने के लिए समय की मांग है।”

राणे ने कहा, “यदि रोजगार का उपयोग जिहाद फैलाने के लिए किया जा रहा है, तो इसे केवल आजीविका का साधन नहीं बल्कि एक मुद्दे के रूप में देखने का समय आ गया है।”

भाषा मनीषा माधव

माधव