मुंबई, 12 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने अभिनेता आमिर खान की तीसरी शादी पर सवाल उठाते हुए रविवार को पूछा कि क्या इसे ‘लव जिहाद’ के एक उदाहरण के रूप में देखा जाना चाहिए।
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक राणे ने हिंदू समुदाय के सदस्यों से भी ऐसी हस्तियों का समर्थन करने से पहले सतर्कतापूर्वक सोचने का आग्रह किया।
राणे ने अहिल्यानगर जिले के शिरडी में पत्रकारों से कहा, ‘‘जब जानी-मानी हस्तियां अपने निजी जीवन में ऐसे फैसले लेती हैं, तो हिंदू समाज को इस बारे में सोचना चाहिए। यह मेरी राय है। लव जिहाद का ‘ब्रांड एंबेसडर’ कौन है? क्या आमिर खान ऐसे व्यक्ति नहीं बन रहे हैं? जो हिंदू युवा उनकी फिल्में देखते हैं, उन्हें ऐसे अभिनेताओं को बड़ा व्यक्ति बनाने से पहले सोच-समझकर विचार करना चाहिए।’’
राणे ने कहा कि इस बात पर चर्चा धीरे-धीरे जोर पकड़ रही है कि क्या खान की तीसरी शादी को ‘लव जिहाद’ के नजरिये से देखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘हिंदू समाज को इस बात पर विचार करना चाहिए कि ऐसे लोगों की फिल्में देखनी चाहिए या नहीं।’’
‘लव जिहाद’ एक ऐसा शब्द है जिसका इस्तेमाल दक्षिणपंथी संगठनों द्वारा यह आरोप लगाने के लिए किया जाता है कि मुस्लिम पुरुष दूसरे धर्मों की महिलाओं को प्रेम जाल में फंसाकर और विवाह के जरिये इस्लाम धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने की साजिश करते हैं।
आमिर खान ने पांच जुलाई को मुंबई के बांद्रा स्थित अपने पाली हिल आवास पर एक निजी समारोह में गौरी स्प्रैट से विवाह किया था।
यह आमिर खान की तीसरी शादी थी। खान ने पहली शादी रीना दत्ता और दूसरी शादी फिल्म निर्माता किरण राव से की थी।
आमिर खान ने अभी तक राणे की टिप्पणियों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
भाषा
देवेंद्र वैभव
वैभव