मुंबई, 12 जुलाई (भाषा) दक्षिण मुंबई के पायधुनी इलाके में आठ वर्षीय बच्ची का शौचालय के अंदर यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद बच्ची का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
अधिकारी ने कहा कि शिकायत दर्ज होने के तुरंत बाद सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार कर लिया गया।
इस घटना के बाद भारी विरोध प्रदर्शन हुआ। सैकड़ों लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पायधुनी थाने के बाहर जमा हो गए।
अधिकारी ने बताया कि भीड़ ने थाने के बाहर सड़क जाम कर दी, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में यातायात प्रभावित हुआ।
उन्होंने कहा, ‘पुलिस ने भीड़ को हटाया और इलाके में सामान्य स्थिति बहाल की।’
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यौन उत्पीड़न की घटना की जानकारी मिलने के बाद जब महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर पायधुनी थाने पहुंचे, तो कुछ प्रदर्शनकारियों ने उन्हें भी घेर लिया।
लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए नारे लगाए।
अधिकारी ने बताया कि किसी भी तरह की अप्रिय घटना या तनाव को रोकने के लिए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
भाषा जोहेब नरेश
नरेश