मुंबई, 19 मई (भाषा) महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग ने नंदुरबार जिले में पोल्ट्री फार्म में कार्यरत कर्मचारियों के आठ नमूनों को ‘ह्यूमन एवियन फ्लू’ की जांच के लिए राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान (एनआईवी) को भेजने का फैसला किया है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी रवींद्र सोनावणे ने सोमवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पोल्ट्री में कुक्कुटों के संपर्क में आए या उन्हें मारने के अभियान में शामिल रहे इन कर्मचारियों में अब तक ‘ह्यूमन एवियन फ्लू’ के कोई लक्षण नहीं दिखे हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर इन्हें दवाएं दी जा रही हैं।
उत्तर-पश्चिमी महाराष्ट्र का नंदुरबार जिला बर्ड फ्लू की चपेट में है।
सोनावणे ने कहा, ‘‘पक्षियों के संपर्क में आने या उन्हें मारने की प्रक्रिया में शामिल रहने के कारण आठ लोगों के नमूने लिए गए हैं। इनमें अब तक ‘ह्यूमन एवियन फ्लू’ का कोई लक्षण दिखाई नहीं दिया है। नाक से लिए गए स्वाब समेत सभी नमूनों को मंगलवार को जांच के लिए पुणे स्थित राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान भेजा जाएगा।”
उन्होंने बताया कि इन कर्मचारियों को एहतियात के तौर पर टैमीफ्लू की गोलियां दी जा रही हैं।
अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि जिन लोगों के नमूने लिए गए हैं, उनमें कोई सरकारी कर्मचारी नहीं है।
भाषा खारी वैभव
वैभव