महाराष्ट्र : ठाणे में आदिवासी व्यक्ति का अपहरण कर प्रताड़ित किया गया

Ads

महाराष्ट्र : ठाणे में आदिवासी व्यक्ति का अपहरण कर प्रताड़ित किया गया

  •  
  • Publish Date - March 13, 2026 / 03:36 PM IST,
    Updated On - March 13, 2026 / 03:36 PM IST

पालघर, 13 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक आदिवासी युवक का अपहरण करने के बाद उसे पेड़ से उल्टा लटकाकर यातना देने के मामले में ईंट भट्ठे के मालिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बुधवार को हुई इस घटना के सिलसिले में भिवंडी निवासी आरोपी नंदू देओलिकर और उसके साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के अनुसार पीड़ित की पहचान सुभाष शिनवार भोइर (25) के रूप में हुई है। सुभाष के बड़े भाई ने कथित तौर पर भट्ठे के मालिक नंदू से 50,000 रुपये उधार लिए थे और लापता हो गया था। इसी कारण दोनों आरोपियों ने सुभाष पर हमला किया।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘शिकायत के अनुसार, बुधवार अपराह्न को आरोपियों ने सुभाष को उसके भाई की तलाश के बहाने जबरदस्ती चार पहियों वाले एक वाहन में बिठा लिया। जब उन्हें स्थानीय भट्ठों पर सुभाष का भाई नहीं मिला, तो वे सुभाष को भिवंडी के पाये स्थित अपने भट्ठे में ले गए। ’’

पुलिस अधिकारी ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर सुभाष पर धारदार हथियारों से हमला किया, उसके हाथ-पैर रस्सियों से बांध दिए और उसे पेड़ से उल्टा लटका दिया, फिर मदद के लिए चीखने के बावजूद उसके घावों पर मिर्च पाउडर मल दिया।

पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश

नरेश