Fire In Gujarat Titans Team Bus: गुजरात टाइटंस की टीम बस में लगी आग, मैच के बाद होटल लौटते वक्त हुआ हादसा, खिलाड़ियों में मची अफरातफरी / Image: X
अहमदाबाद: Fire In Gujarat Titans Team Bus रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद विराट कोहली (नाबाद 75 रन) के अर्धशतक से रविवार को यहां इंडियंन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटन्स को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरा खिताब अपने नाम कर खचाखच भरे नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में अपने दर्शकों को खुशियां मनाने का मौका दिया। आरसीबी ने अपने आक्रामक खेल से टूर्नामेंट में शुरू से ही दबदबा बनाए रखा और इसका समापन एक और ट्रॉफी से किया। आरसीबी ने पिछले चरण में 18 साल बाद पहली आईपीएल ट्रॉफी जीती थी और रविवार को कोहली ने छक्का लगाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। लेकिन मैच के बाद गुजरात टाइटंस की टीम के खिलाड़ियों की जान बाल-बाल बच गई।
Fire In Gujarat Titans Team Bus मिली जानकारी के अनुसार नरेंद्र मोदी स्टेडियम से मैच के बाद गुजरात टाइटंस की टीम होटल लौट रही थी इसी दौरान टीम बस में शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट के बाद बस में धुआं उठने लगा, जिसके बाद खिलाड़ियों को बीच रास्ते में ही बस से उतारना पड़ गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी खिलाड़ी या स्टाफ सदस्य घायल नहीं हुआ।
हालांकि, आग लगने के बाद टीम के सदस्य करीब एक घंटे तक सड़क पर फंसे रहे और इंतजार करते रहे, जिसके बाद उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई और खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को होटल पहुंचाया गया। घटना के बाद संबंधित अधिकारियों ने बस की जांच शुरू कर दी। यह हादसा ऐसे समय में हुआ जब गुजरात टाइटंस पहले ही फाइनल में हार से निराश थी। टीम को आरसीबी के खिलाफ खिताबी मुकाबले में पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।
गुजरात टाइटन्स के निराश कप्तान शुभमन गिल ने माना कि शुरुआती विकेट गिरने से उन्हें कोई लय नहीं मिल पाई क्योंकि 180 से 190 रन का स्कोर उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) जैसी जबरदस्त टीम के खिलाफ़ लड़ने का मौका देता। लेकिन आरसीबी ने रविवार को इंडियन प्रीमियर लीग फाइनल में दो ओवर बाकी रहते उन्हें आसानी से हरा दिया। निराश गिल ने मैच के बाद कहा, ‘‘अगर हम 180-190 रन बना लेते तो यह एक अच्छा मैच होता। शायद पिच थोड़ी दो-तरफा व्यवहार करती, लेकिन बहुत ज्यादा नहीं। तेज गेंदबाजों के लिए शुरुआत में थोड़ा मूवमेंट था। हमने शुरुआती विकेट गंवा दिए और कभी लय हासिल नहीं कर पाए। ’’