महाराष्ट्र: जालना में एक बैंक में सात करोड़ रुपये के गोल्ड लोन ‘धोखाधड़ी’ का मामला, दो गिरफ्तार

Ads

महाराष्ट्र: जालना में एक बैंक में सात करोड़ रुपये के गोल्ड लोन 'धोखाधड़ी' का मामला, दो गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 26, 2026 / 07:14 PM IST,
    Updated On - April 26, 2026 / 07:14 PM IST

जालना (महाराष्ट्र), 26 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के जालना जिले में स्थित केनरा बैंक की एक शाखा में ‘गोल्ड लोन अकाउंट’ से आभूषणों की चोरी और उनकी जगह नकली आभूषण रखने से जुड़ा 7.31 करोड़ रुपये का कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और राष्ट्रीयकृत बैंक की बदनापुर शाखा के प्रबंधक, एक अन्य अधिकारी और एक स्वर्ण मूल्यांकक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

बैंक में रखे गए ‘गोल्ड लोन’ के पैकेट के नियमित त्रैमासिक पुनर्मूल्यांकन के दौरान हाल ही में अनियमितताओं का पता चला।

बदनपुर थाने के एक अधिकारी ने बताया कि अधिकारियों को 22 अप्रैल को नकली सोने से भरे कई पैकेट मिले। जांच में पता चला कि 22 ‘गोल्ड लोन पैकेट’ में 3.79 करोड़ रुपये के नकली आभूषण थे। इसके अलावा स्ट्रांग रूम से 3.52 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के 30 पैकेट गायब थे।

उन्होंने बताया कि 23 अप्रैल के सीसीटीवी फुटेज खंगालने से पता चला है कि एक बैंक अधिकारी ने कथित तौर पर तिजोरी से सोने के पैकेट चुराए और उन्हें छिपा दिया।

पुलिस के अनुसार, शाखा प्रबंधक ने कथित तौर पर अधिकारी को अकेले ही स्ट्रांग रूम में जाने की अनुमति देकर सुरक्षा प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया, जो कर्तव्य में लापरवाही दर्शाता है।

बैंक के एक वरिष्ठ अधिकारी की शिकायत के आधार पर बदनापुर पुलिस ने शुक्रवार को तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत आपराधिक विश्वासघात, धोखाधड़ी और लापरवाही के आरोप में मामला दर्ज किया।

पुलिस ने बताया कि अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और जांच जारी है। पुलिस ने हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान नहीं बताई।

भाषा

शुभम रंजन

रंजन