ठाणे, तीन फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में कथित तौर पर झगड़े के बाद एक अज्ञात व्यक्ति की मौत के सिलसिले में पुलिस ने एक युवती को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग लड़की को हिरासत में लिया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
सहायक पुलिस निरीक्षक जयश्री अनावाने ने बताया कि भिवंडी कस्बे में रविवार को 40 वर्षीय व्यक्ति और दोनों आरोपियों के बीच किसी मुद्दे पर झगड़ा हो गया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी 18 वर्षीय महिला और 17 वर्षीय महिला ने धामंकर नाका स्थित पुलिस चौकी के स्लैब से उस व्यक्ति को कथित तौर पर धक्का देकर नीचे गिरा दिया।
उन्होंने बताया कि गिरकर गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां कुछ घंटों के बाद उसकी मौत हो गई।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने पहले झगड़े और गंभीर चोट पहुंचाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की थी और व्यक्ति की मौत हो जाने के बाद इसे भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 के तहत गैर इरादतन हत्या के मामले में बदल दिया।
भाषा यासिर गोला
गोला