बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री का कनाडा में निधन, हास्य अभिनेता-फिल्म निर्माता महमूद की बहन थीं एक्ट्रेस

महमूद की बहन अभिनेत्री मीनू मुमताज का कनाडा में निधन

बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री का कनाडा में निधन, हास्य अभिनेता-फिल्म निर्माता महमूद की बहन थीं एक्ट्रेस
Modified Date: November 29, 2022 / 08:22 pm IST
Published Date: October 23, 2021 2:09 pm IST

मुंबई, 23 अक्टूबर (भाषा) मशहूर हास्य अभिनेता-फिल्म निर्माता महमूद की बहन, जानी मानी अभिनेत्री एवं नर्तकी मीनू मुमताज का कनाडा के टोरंटो में निधन हो गया। विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के कारण मीनू मुमताज (80) का शुक्रवार रात शहर के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके छोटे भाई अनवर अली की पत्नी मोना माथुर अली ने बताया कि हाल में पता चला था कि मीनू मुमताज कैंसर से पीड़ित हैं।

read more:  तारक मेहता का उल्टा चश्मा: बाहों में बाहें डाले नजर आए टप्पू और बबिता जी, वायरल हो रही तस्वीर..देखें

माथुर अली ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘उन्हें कुछ दिनों पहले कैंसर का पता चला था। यह उनके निधन का एकमात्र कारण नहीं था क्योंकि वह स्वास्थ्य संबंधी अन्य समस्याओं से भी पीड़ित थीं। वह बेहद जिंदादिल इंसान थीं। हमने दस दिन पहले ही उनसे वीडियो कॉल पर बात की थी, वह बहुत प्यारी, सजी धजीं और खुशमिजाज लग रही थीं।’’

उन्होंने बताया कि मीनू मुमताज जब भी भारत आतीं तो गुजरे जमाने की मशहूर अभिनेत्री सायरा बानो सहित अपने समकालीन लोगों से मिलतीं। पिता मुमताज अली और मां लतीफुन्निसा बेगम के घर जन्मीं मीनू मुमताज ने 1940 के दशक में फिल्मों में नर्तकी और चरित्र अभिनेत्री की भूमिका निभायी।

read more: आदित्य चोपड़ा ने ‘कम… फॉल इन लव, द डीडीएलजे – म्यूजिकल’ से पहले ब्रॉडवे मंचन की घोषणा की

अभिनेत्री का असली नाम मलिकुन्निसा था, उन्होंने फिल्मों में एक नर्तकी के रूप में शुरुआत की और 1950 और 1960 के दशक के दौरान कई फिल्मों में अभिनय किया। उन्होंने ‘सखी हातिम’ से अपने अभिनय की शुरुआत की और ‘मुगल-ए-आजम’ के एक लोकप्रिय गीत ‘जब रात है ऐसी मतवाली’ में दिखाई दीं, फिल्म ‘नया दौर’ के एक और हिट गीत ‘रेशमी सलवार कुर्ता जाली का’, फिल्म ‘साहिब बीबी और गुलाम’ के ‘सखिया आज मुझे नहीं’, ‘सीआईडी’ के ‘बुझ मेरा क्या नाम रे’ जैसे अन्य हिट गीतों में नजर आईं।

उनकी कुछ अन्य उल्लेखनीय फिल्मों में ‘कागज़ के फूल’, ‘चौदहवीं का चांद’, ‘ताज महल’, ‘घूंघट’, ‘इंसान जाग उठा’, ‘गजल’, ‘अलादीन’ और ‘धर्मपुत्र’ जैसी फिल्में शामिल हैं। मीनू मुमताज के परिवार में पति एस अली अकबर, एक बेटा और तीन बेटियां हैं।

 


लेखक के बारे में

डॉ.अनिल शुक्ला, 2019 से CG-MP के प्रतिष्ठित न्यूज चैनल IBC24 के डिजिटल ​डिपार्टमेंट में Senior Associate Producer हैं। 2024 में महात्मा गांधी ग्रामोदय विश्वविद्यालय से Journalism and Mass Communication विषय में Ph.D अवॉर्ड हो चुके हैं। महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से M.Phil और कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर से M.sc (EM) में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। जहां प्रावीण्य सूची में प्रथम आने के लिए तिब्बती धर्मगुरू दलाई लामा के हाथों गोल्ड मेडल प्राप्त किया। इन्होंने गुरूघासीदास विश्वविद्यालय बिलासपुर से हिंदी साहित्य में एम.ए किया। इनके अलावा PGDJMC और PGDRD एक वर्षीय डिप्लोमा कोर्स भी किया। डॉ.अनिल शुक्ला ने मीडिया एवं जनसंचार से संबंधित दर्जन भर से अधिक कार्यशाला, सेमीनार, मीडिया संगो​ष्ठी में सहभागिता की। इनके तमाम प्रतिष्ठित पत्र पत्रिकाओं में लेख और शोध पत्र प्रकाशित हैं। डॉ.अनिल शुक्ला को रिपोर्टर, एंकर और कंटेट राइटर के बतौर मीडिया के क्षेत्र में काम करने का 15 वर्ष से अधिक का अनुभव है। इस पर मेल आईडी पर संपर्क करें anilshuklamedia@gmail.com