ठाणे में ‘ब्लैकमेल’ किये जाने से परेशान व्यक्ति ने आत्महत्या की, मामला दर्ज

Ads

ठाणे में ‘ब्लैकमेल’ किये जाने से परेशान व्यक्ति ने आत्महत्या की, मामला दर्ज

  •  
  • Publish Date - March 15, 2026 / 04:43 PM IST,
    Updated On - March 15, 2026 / 04:43 PM IST

ठाणे, 15 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 45 वर्षीय एक व्यक्ति ने साइबर अपराधियों द्वारा ब्लैकमेल किए जाने से परेशान होकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधियों ने पीड़ित की ‘’मॉर्फ्ड’ (छेड़छाड़ की गई) अश्लील तस्वीरों को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी थी।

इस संबंध में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि जांच में खुलासा हुआ कि कल्याण पूर्व निवासी पीड़ित हेमंत दयाशंकर पांडे को जनवरी में कथित आत्महत्या करने से पहले बड़ी मात्रा में धनराशि हस्तांतरित करने के लिए मजबूर किया गया था।

एक अधिकारी ने बताया कि पांडे ने सात जनवरी को कल्याण पूर्व स्थित अपने आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

उन्होंने बताया कि पीड़ित के बड़े भाई की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

अधिकारी ने बताया कि पीड़ित के मोबाइल फोन की जांच में खुलासा हुआ कि उस पर दो लाख रुपये का इंतजाम करने का दबाव था और उसने कथित तौर पर अपने भाई से 1.6 लाख रुपये मांगे थे।

अधिकारी ने कहा, ‘‘पांडे को भेजे गए ईमेल में उसकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ की गई थी। ईमेल भेजने वाला पैसों की मांग कर रहा था और उसे सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी दे रहा था।’’

पीड़ित के परिवार का दावा है कि ब्लैकमेल और अपराधियों की मांगों को पूरा करने में विफल होने के बाद उसने यह कदम उठाया।

भाषा प्रचेता धीरज

धीरज