लातूर में व्यक्ति ने आत्महत्या की, ग्रामीणों ने सड़क जाम की
लातूर में व्यक्ति ने आत्महत्या की, ग्रामीणों ने सड़क जाम की
लातूर (महाराष्ट्र), आठ सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र के लातूर जिले में मंगलवार को एक व्यक्ति ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली, जिसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया।
ग्रामीणों का दावा है कि व्यक्ति ने मराठा आरक्षण के मुद्दे को लेकर यह कदम उठाया।
यह घटना मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे के जारी अनशन के बीच हुई है।
पुलिस ने बताया कि शिरूर अनंतपाल तहसील के सुमठाना गांव निवासी सुनील विनायक बिराजदार ने अपराह्न करीब तीन बजे कुएं में छलांग लगा दी।
ग्रामीणों ने दावा किया कि बिराजदार द्वारा कथित तौर पर लिखे गए एक पत्र में कहा गया था कि वह मराठा आरक्षण की मांग को लेकर अपनी जान दे रहा है।
परिवार के सदस्यों और ग्रामीणों ने शाम करीब सात बजे शव को उदगीर-लातूर मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। देर रात तक प्रदर्शन जारी रहा।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि बिराजदार के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और मराठा समुदाय के सदस्यों को कुनबी जाति प्रमाणपत्र जारी करने के संबंध में लिखित आश्वासन दिया जाए।
उन्होंने कहा कि जब तक ये मांगें पूरी नहीं होतीं, वे शव को वहां से नहीं हटाएंगे और अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर रहे थे।
भाषा राखी सुरभि
सुरभि

Facebook


