मुंबई के निकट झुग्गी-बस्ती में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत

Ads

मुंबई के निकट झुग्गी-बस्ती में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत

  •  
  • Publish Date - February 28, 2024 / 01:08 PM IST,
    Updated On - February 28, 2024 / 01:08 PM IST

(तस्वीर सहित जारी)

ठाणे, 28 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भायंदर में एक झुग्गी-बस्ती में बुधवार तड़के आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। आग की चपेट में आने से कई झुग्गियां और दुकानें भी नष्ट हो गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि आग से तीन लोग झुलस भी गये हैं।

मीरा भायंदर नगर निगम (एमबीएमसी) के आयुक्त संजय काटकर ने कहा कि यह हादसा आजाद नगर झुग्गी बस्ती में सुबह करीब पांच बजे हुआ।

घटनास्थल पर बचाव और राहत कार्य की देखरेख कर रहे काटकर ने कहा कि आग लगने के बाद झोपड़ियों में रहने वाले और इलाके के अन्य निवासी अपने घरों से बाहर निकल गए।

सूत्रों के अनुसार इलाके में धमाकों की आवाज सुनी गई।

एमबीएमसी के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख नरेंद्र चव्हाण ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि घटनास्थल पर जली हुई हालत में एक शव मिला है और उसे पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।

काटकर ने कहा, ‘‘ हमें जानकारी मिली है कि दो बच्चे झुलसने के काराण घायल हो गए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमारा एक जवान भी घायल हुआ है।’’

स्थानीय निकाय प्रमुख ने बताया कि एमबीएमसी और अन्य पड़ोसी निकायों से कम से कम 24 दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया और आग पर काबू पा लिया गया है।

उन्होंने बताया कि झुग्गी-बस्ती में कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान भी हैं।

भाषा खारी योगेश नरेश

नरेश

शीर्ष 5 समाचार