लातूर, 19 मई (भाषा) महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के कार्यकर्ताओं ने नीट-यूजी प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर मंगलवार को लातूर स्थित रेणुकाई करियर सेंटर (आरसीसी) के मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा- स्नातक (नीट-यूजी) प्रश्नपत्र लीक मामले में महाराष्ट्र के लातूर स्थित आरसीसी के संस्थापक शिवराज रघुनाथ मोटेगांवकर को गिरफ्तार किया है।
कई प्रदर्शनकारियों ने कोचिंग सेंटर के कार्यालय पर अंडे फेंके, नारे लगाये और हजारों छात्रों से वसूल की गई फीस वापस करने की मांग की।
सीबीआई ने रविवार को मोटेगांवकर के आवास की तलाशी ली थी और उस दौरान तीन मई को हुई मेडिकल प्रवेश परीक्षा का लीक हुआ प्रश्न पत्र उसके मोबाइल फोन से मिला। इसके बाद मोटेगांवकर को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच एजेंसी ने आरोप लगाया है कि मोटेगांवकर नीट-यूजी प्रश्नपत्र को लीक करने और प्रसारित करने में शामिल ‘‘संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य था’’।
मनसे प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि इस विवाद के बाद महाराष्ट्र में चार छात्रों ने आत्महत्या कर ली और प्रश्नपत्र लीक के कारण देशभर के लाखों छात्रों के साथ अन्याय हुआ है।
नीट-यूजी परीक्षा भारत के 551 शहरों और विदेश में 14 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित इस परीक्षा के लिए लगभग 23 लाख उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया था।
अब यह परीक्षा 21 जून को फिर से होगी।
भाषा
देवेंद्र दिलीप
दिलीप