पालघर, 29 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में बुधवार को 27 साल के एक व्यक्ति ने एक महिला और उसकी बेटी की कथित तौर पर चाकू से हमला कर हत्या कर दी और फिर खुद की जान लेने की कोशिश की। पुलिस ने यह जानकारी दी।
घटना विरार (पश्चिम) में बोलिंज थाना क्षेत्र के एक फ्लैट में सुबह के समय घटी।
पुलिस ने मृतक महिलाओं की पहचान सईदा मिश्रा (50) और उनकी बेटी नैन्सी (25) के रूप में की है। नालासोपारा निवासी आरोपी शिवम उपाध्याय को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बोलिंज थाने के एक अधिकारी ने बताया कि उपाध्याय नैन्सी से शादी करना चाहता था लेकिन उसकी मां ने इस रिश्ते का विरोध किया। अधिकारी ने बताया कि आरोपी बुधवार सुबह उनके फ्लैट पर पहुंचा और दोनों से झगड़ने लगा।
उन्होंने कहा, ‘‘आरोपी ने अंदर से घर बंद कर दिया और मां-बेटी पर चाकू से कई बार हमला किया। दोनों की मौके पर मौत हो गई। इसके बाद उसने खुद पर भी चाकू से हमला किया और खुद को गंभीर चोट पहुंचाई।’’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पड़ोसियों ने शोर-शराबा सुनकर बोलिंज थाने को सूचना दी। आरोपी ने पुलिस के पहुंचने पर दरवाजा नहीं खोला और घर के अंदर घुसने के लिए पुलिस को दमकल विभाग की मदद लेनी पड़ी।
बोलिंज पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (1) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
भाषा वैभव नरेश
नरेश