महिला डिब्बे में बुर्का पहनकर दाखिल हुआ व्यक्ति, मामला दर्ज
महिला डिब्बे में बुर्का पहनकर दाखिल हुआ व्यक्ति, मामला दर्ज
ठाणे, 19 फरवरी (भाषा) उपनगरीय ट्रेन के महिला डिब्बे में एक पुरुष के बुर्का पहनकर यात्रा करने के वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उत्पन्न हुई सुरक्षा चिंताओं के मद्देनजर व्यक्ति को चिह्नित कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। रेलवे पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, 57 वर्षीय यह व्यक्ति नासिक का निवासी है और सिजोफ्रेनिया से पीड़ित है। वह संभाजीनगर स्थित मानसिक अस्पताल में उपचाराधीन है।
इस घटना के वायरल वीडियो में व्यक्ति घाटकोपर स्टेशन पर उतरते हुए दिखाई दे रहा है।
इसके बाद रेलवे पुलिस आयुक्त राकेश कालासागर और पुलिस उपायुक्त प्रज्ञा जेडगे के निर्देश पर जांच की गई। हालांकि किसी महिला यात्री ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई थी।
अधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ निरीक्षक संभाजी यादव के नेतृत्व में एक टीम ने संदिग्ध की गतिविधियों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में सामने आया कि छह फरवरी को उसने ठाणे में यूपी पाटलिपुत्र एक्सप्रेस के सामान्य डिब्बे से लोकल ट्रेन में प्रवेश किया था। बाद में उसे नासिक के इगतपुरी में बुर्का पहने उतरते और दूसरी ट्रेन में चढ़ते हुए देखा गया।
नासिक रोड स्टेशन पर निगरानी के दौरान वह रेलवे की बाड़ फांदकर परिसर में प्रवेश करता दिखा। शहर भर के 25 सीसीटीवी कैमरों की कई दिनों तक जांच के बाद मुक्तिधाम क्षेत्र की एक इमारत में उसका पता चला।
रेलवे पुलिस के अनुसार, वह नियमित रूप से मानसिक अस्पताल, संभाजीनगर में इलाज करा रहा है और कभी-कभी घर से भटक जाता है या घंटों खुद को कमरे में बंद कर लेता है।
ठाणे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने महिला डिब्बे में प्रवेश करने के आरोप में उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे घाटकोपर स्थित आरपीएफ को सौंप दिया गया है।
भाषा
राखी पवनेश
पवनेश

Facebook


