महाराष्ट्र में 2019 से अब तक सड़क हादसों में 95,700 से अधिक की मौत

महाराष्ट्र में 2019 से अब तक सड़क हादसों में 95,700 से अधिक की मौत

महाराष्ट्र में 2019 से अब तक सड़क हादसों में 95,700 से अधिक की मौत
Modified Date: November 14, 2025 / 07:12 pm IST
Published Date: November 14, 2025 4:50 pm IST

मुंबई, 14 नवंबर (भाषा) महाराष्ट्र में जनवरी 2019 से सितंबर 2025 के बीच सड़क दुर्घटनाओं में 95,722 लोगों ने जान गंवाई। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई।

महाराष्ट्र परिवहन विभाग से प्राप्त दुर्घटना के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में इस वर्ष के शुरुआती तीन महीनों (जनवरी से मार्च) में 26,922 सड़क दुर्घटनाएं व 11,532 मौतें दर्ज की गईं। जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 26,719 दुर्घटनाएं और 11,573 मौतें हुई थीं।

पुणे में मुंबई-बेंगलुरु राजमार्ग पर बृहस्पतिवार को हुई एक घातक दुर्घटना में दो बड़े कंटेनर ट्रक के बीच एक कार फंस कर चकनाचूर हो गई। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि 14 लोग घायल हो गए। इस दुर्घटना के बाद तीनों वाहनों में आग लग गई।

इस वर्ष 30 सितंबर तक के पिछले छह वर्षों के दौरान महाराष्ट्र में 2,19,039 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं। इन हादसों में 95,722 लोगों की जान गई और 1,29,670 लोग गंभीर रूप से घायल हुए जबकि 53,036 अन्य को मामूली चोटें आईं।

आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष 36,118 दुर्घटनाओं में 15,715 लोगों की मृत्यु हुई थी वहीं इस वर्ष सितंबर तक की अवधि में 26,922 दुर्घटनाएं हुई जिसमें 11,532 लोगों ने अपनी जान गवाई।

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, पूरे देश में 2023 में सड़क दुर्घटनाओं में 1,72,890 लोगों की जान गई। देश में तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के बाद 15,366 मौतों के साथ महाराष्ट्र तीसरे स्थान पर रहा।

भारत में सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों के लिए विशेषज्ञ आमतौर पर कमजोर प्रवर्तन, लापरवाही से वाहन चलाना, अपर्याप्त प्रशिक्षण और क्षमता से अधिक लदे यात्री आदि कारण बताते हैं।

महाराष्ट्र में पिछले छह वर्षों की बात की जाए तो केवल 2020 में कोरोना महामारी के कारण वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगने से यहां दुर्घटनाओं और मौतों की संख्या कम रही लेकिन इसके बाद से सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के अधिकारियों के प्रयासों के बावजूद यहां दुर्घटनाओं तथा इससे होने वाली मौतों के आंकड़े लगातार बढ़ रहे हैं।

भाषा यासिर पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में

IBC24 डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं, जहां मेरी जिम्मेदारी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की राजनीति सहित प्रमुख विषयों की खबरों की कवरेज और प्रस्तुति है। वर्ष 2016 से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हूं और अब तक 10 वर्षों का अनुभव प्राप्त किया है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य करते हुए न्यूज़ राइटिंग और डिजिटल टूल्स में दक्षता हासिल की है। मेरे लिए पत्रकारिता सिर्फ पेशा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी है—सटीक, तेज और असरदार जानकारी पाठकों तक पहुंचाना मेरा लक्ष्य है। बदलते डिजिटल दौर में खुद को लगातार अपडेट कर, कंटेंट की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।