एमपीएससी प्रश्नपत्र लीक मामले में अध्यक्ष और सचिव इस्तीफा दें, प्रकरण की न्यायिक जांच हो: आदित्य

Ads

एमपीएससी प्रश्नपत्र लीक मामले में अध्यक्ष और सचिव इस्तीफा दें, प्रकरण की न्यायिक जांच हो: आदित्य

  •  
  • Publish Date - September 11, 2026 / 06:11 PM IST,
    Updated On - September 11, 2026 / 06:11 PM IST

मुंबई, 11 सितंबर (भाषा) शिवसेना (उबाठा) नेता आदित्य ठाकरे ने शुक्रवार को राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से मुलाकात की और प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (एमपीएससी) के अध्यक्ष और सचिव के तत्काल इस्तीफे की मांग की।

पूर्व मंत्री ठाकरे ने बाद में यहां संवाददाताओं से बातचीत के दौरान चेतावनी दी कि यदि अधिकारी पद से इस्तीफा नहीं देते हैं तो छात्रों और अभ्यर्थियों का आंदोलन और तेज होगा।

उन्होंने अनियमितताओं की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) के बजाय न्यायिक जांच की मांग की। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा मार्च में औषधि निरीक्षक पद (ग्रुप-बी) के लिए आयोजित एमपीएससी की स्क्रीनिंग परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक होने के मामले की जांच कर रही है।

एमपीएससी के अभ्यर्थियों ने हाल में पुणे सहित राज्य के कई हिस्सों में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और विभिन्न परीक्षाओं में कथित प्रश्नपत्र लीक तथा अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को कहा था कि राज्य सरकार एमपीएससी अभ्यर्थियों की ओर से उठाई गई सभी मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई करेगी। इनमें परीक्षाओं की दोबारा जांच और कथित अनियमितताओं की जांच के लिए एसआईटी गठित करने की मांग भी शामिल है।

उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में व्यापक सुधारों की सिफारिश करने के लिए वरिष्ठ अधिकारी वी. राधा की अध्यक्षता में एक नई समिति गठित की जाएगी।

ठाकरे ने कहा, ‘‘हम एमपीएससी के अध्यक्ष और सचिव के इस्तीफे की मांग करते हैं।’’ उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने उन्हें आश्वासन दिया है कि वह इस मामले में रिपोर्ट मांगेंगे और जांच को आगे बढ़ाएंगे।

उन्होंने कहा कि मौजूदा अध्यक्ष और सचिव के रहते सुधार नहीं हो सकते, क्योंकि वर्तमान समस्या उन्हीं के कार्यकाल में सामने आई।

भाषा संतोष धीरज

धीरज