मुंबई: ‘लालबागचा राजा’ गणेश पंडाल के पास बेहोश होने के बाद व्यक्ति की मौत
मुंबई: ‘लालबागचा राजा’ गणेश पंडाल के पास बेहोश होने के बाद व्यक्ति की मौत
मुंबई, 25 सितंबर (भाषा) मध्य मुंबई में ‘लालबागचा राजा’ गणेश पंडाल के पास 68 वर्षीय एक व्यक्ति बेहोश हो गया जिसके बाद उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार रात हुई।
इस साल 12 दिवसीय गणेशोत्सव के दौरान लालबाग इलाके में मौत की यह चौथी घटना है।
घनी आबादी वाले लालबाग-परेल इलाके को मुंबई में सार्वजनिक गणेश चतुर्थी उत्सव का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां कई प्रसिद्ध और विशाल गणेश मूर्तियां स्थापित की जाती हैं, जिन्हें देखने के लिए हजारों लोग पहुंचते हैं।
नगर निकाय के एक अधिकारी ने कालाचौकी पुलिस थाने से मिली जानकारी के हवाले से बताया कि स्थानीय निवासी विजय आनेकर ‘लालबागचा राजा’ पंडाल के पास हनुमान मंदिर के निकट बैठे थे, तभी वह बेहोश हो गए।
अधिकारी ने बताया कि आनेकर को परेल स्थित ग्लोबल अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत के कारण का तत्काल पता नहीं चल सका।
इससे पहले 17 सितंबर को पुणे निवासी 25 वर्षीय जयदीप मेघराज नेमाडे की ‘लालबागचा राजा’ गणपति पंडाल में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई थी।
इसके अलावा 20 सितंबर को लालबाग में एक गणेश पंडाल के पास लगाए गए अस्थायी पेयजल स्टॉल पर करंट लगने से आठ वर्षीय एक बच्ची और एक महिला की मौत हो गई थी तथा चार अन्य लोग घायल हो गए थे। उस समय वहां गणपति के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
भाषा
सिम्मी मनीषा
मनीषा

Facebook


