मुंबई मेट्रो हादसा : मुख्यमंत्री फडणवीस ने गहन जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया

Ads

मुंबई मेट्रो हादसा : मुख्यमंत्री फडणवीस ने गहन जांच, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 06:57 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 06:57 PM IST

नागपुर, 14 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि शनिवार को मुंबई के मुलुंड में मेट्रो रेल का स्लैब गिरने की घटना की गहन जांच की जाएगी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

उन्होंने कहा कि जांच में सुरक्षा, निर्माण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियां जैसे पहलुओं को शामिल किया जाएगा और घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने यहां एक कार्यक्रम के इतर कहा कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सभी ऐसे स्थलों पर तत्काल सुरक्षा ऑडिट शुरू किया जाएगा।

पुलिस और नगर निकाय अधिकारियों ने बताया कि मुंबई के मुलुंड इलाके में आज दोपहर निर्माणाधीन मेट्रो रेल लाइन-4 के गर्डर पुल का एक हिस्सा कुछ वाहनों पर गिर गया, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि दोपहर बाद एलबीएस रोड पर जॉनसन एंड जॉनसन फैक्टरी के पास गर्डर पुल की पैरापेट दीवार का एक स्लैब एक ऑटो रिक्शा और एक कार पर गिर गया, जिससे दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

लाइन-4 दक्षिण-मध्य मुंबई के वडाला से पड़ोसी ठाणे तक निर्माणाधीन मार्ग है, जिसका एक बड़ा हिस्सा विक्रोली, भांडुप, मुलुंड आदि क्षेत्रों को जोड़ने वाले प्रमुख एलबीएस मार्ग के ऊपर से गुजरता है।

फडणवीस ने कहा, ‘‘मुलुंड में हुई दुर्घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हमारी प्रार्थनाएं मृतकों के परिजनों और घायलों के साथ हैं। घायलों के चिकित्सा खर्च को एमएमआरडीए और राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘सुरक्षा संबंधी पहलुओं का उचित ध्यान रखा गया था या नहीं, इसकी जांच की जाएगी। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी’’

भाषा

गोला पवनेश

पवनेश

शीर्ष 5 समाचार