महाराष्ट्र: भारी बारिश के बाद मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराना राजमार्ग पूरी तरह बंद
महाराष्ट्र: भारी बारिश के बाद मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराना राजमार्ग पूरी तरह बंद
पुणे/मुंबई, छह जुलाई (भाषा) मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और मुंबई-पुणे पुराना राजमार्ग भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के बाद सोमवार को बंद कर दिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
प्राधिकारियों ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए नागरिकों से अगले आदेश तक पुणे और मुंबई के बीच यात्रा से बचने की अपील की है।
पुलिस ने परामर्श जारी करते हुए कहा कि मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे और पुराने राजमार्ग पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही अगले आदेश तक रोक दी गई है।
परामर्श में कहा गया, ‘‘लोगों से अनुरोध है कि अगले निर्देश तक पुणे और मुंबई के बीच यात्रा करने से बचें। जो लोग यात्रा की योजना बना रहे हैं, उन्हें अपनी यात्रा स्थगित करने और सरकारी एजेंसियों द्वारा जारी यातायात परामर्शों का पालन करने की सलाह दी जाती है।’’
पुलिस ने बताया कि मावल और ताम्हिणी घाट के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है, जिससे पुणे और मुंबई को जोड़ने वाले वैकल्पिक मार्ग भी प्रभावित हुए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पुणे-मुंबई एक्सप्रेसवे को एक कंक्रीट का खंभा गिर जाने के बाद ‘कनेक्टिंग लिंक’ और ‘मिसिंग लिंक’ खंडों के बीच यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर पानी भर जाने के कारण मुंबई-पुणे पुराने राजमार्ग को बंद कर दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि लोहगढ़ किले के पास पाटन गांव में भूस्खलन हुआ है, जहां प्रभावित इलाके में एक परिवार के फंसे होने की सूचना है।
उन्होंने बताया कि बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा, भारी बारिश को देखते हुए पुणे जिला प्रशासन ने सभी स्कूलों के लिए अवकाश की घोषणा की है।
अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के दौरान सोमवार तड़के खोपोली-कुसगाव ‘मिसिंग लिंक’ की सुरंग-दो के निकास के पास भूस्खलन होने के बाद मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित हो गया।
दो महीने पहले शुरू किया गया मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे का ‘मिसिंग लिंक’ 13 किलोमीटर लंबा बाईपास है। इस मार्ग के बन जाने से अब यात्रा में 25 से 30 मिनट तक कम समय लगता है।
महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरडीसी) ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियात के तौर पर सोमवार तड़के चार बजे से मार्ग में परिवर्तन किया गया।
निगम ने कहा कि वह राजमार्ग यातायात पुलिस के साथ समन्वय कर स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। साथ ही वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि अत्यंत आवश्यक होने पर ही इस मार्ग से यात्रा करें।
पश्चिमी महाराष्ट्र के सांगली से मुंबई जा रहे एक वाहन चालक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि वह तड़के चार बजे से लोनावला के पास फंसे हुए हैं, क्योंकि ‘मिसिंग लिंक’ बंद होने के बाद मुंबई जाने वाले यातायात के लिए मार्ग में परिवर्तन कर दिया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘मिसिंग लिंक पर यातायात बंद होने के कारण हमें लोनावला के रास्ते आना पड़ा। अब लोनावला शहर से गुजरने वाले एक्सप्रेसवे के हिस्से में एक के पीछे एक वाहनों की कतार लगी हुई है।’’
राजमार्ग यातायात पुलिस के नियंत्रण कक्ष के अनुसार, जलजमाव और भूस्खलन के कारण एक्सप्रेसवे के खंडाला घाट खंड पर यातायात बाधित हो गया है।
भाषा खारी सुरभि
सुरभि

Facebook


