मुंबई, एक जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र में एक स्कूल बस पर पेड़ गिरने से उसमें सवार छात्र की मौत होने का मामला बुधवार को विधानसभा में छाया रहा। विधायकों ने इस हादसे के लिए बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) को जिम्मेदार ठहराया।
शिवसेना नेता तुकाराम काते और मुरजी पटेल ने मंगलवार को शहर के चेंबूर इलाके में 11 वर्षीय विहान श्रीवास्तव की मौत को लेकर बीएमसी पर तीखा हमला बोला।
चेंबूर निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले काते ने कहा कि उनके क्षेत्र में इस तरह की दुर्घटना पहली बार नहीं हुई है।
कोते ने कहा, “मैं एहतियाती कदम उठाने के लिए स्थानीय अधिकारियों को बार-बार फोन करता रहा हूं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।”
पटेल ने मांग की कि सरकार मृतक के परिवार और घायलों की मदद के लिए कदम उठाए। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे बच्चे के परिवार को ढाई लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान कर रहे हैं।
पश्चिमी उपनगर अंधेरी के मरोल इलाके में पेड़ गिरने की एक अन्य घटना का हवाला देते हुए पटेल ने मांग की कि ऐसी समस्याओं का समाधान तलाशने के लिए तुरंत पेड़ों का सर्वेक्षण कराया जाए।
कांग्रेस विधायक नाना पटोले ने भी इस मुद्दे को उठाया और सरकार से बयान देने को कहा।
अधिकारियों ने बताया कि चेंबूर में मंगलवार को स्कूल से लौट रही एक बस पर सड़क किनारे मौजूद पीपल का पेड़ गिर गया, जिससे उसमें सवार विहान नामक छात्र की मौत हो गई, जबकि चार अन्य छात्र घायल हो गए।
भाषा खारी पारुल
पारुल