मुंबई, 14 अप्रैल (भाषा) मुंबई के पश्चिमी उपनगरों में एक संगीत कार्यक्रम के दौरान संदिग्ध तौर पर अधिक मात्रा में मादक पदार्थ का सेवन करने के कारण एक महिला सहित दो एमबीए छात्रों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने सोमवार को कार्यक्रम के आयोजक, एक संदिग्ध मादक पदार्थ आपूर्तिकर्ता और दो छात्रों सहित छह लोगों को इन मौतों के सिलसिले में गिरफ्तार किया।
एक अधिकारी ने बताया कि पीड़ित शहर के एक प्रबंधन संस्थान में पढ़ाई कर रहे थे और 15 छात्रों के उस समूह का हिस्सा थे, जो शनिवार को गोरेगांव प्रदर्शनी केंद्र में आयोजित संगीत कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, समूह के कुछ सदस्यों ने कथित तौर पर कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने से पहले ‘एक्स्टैसी’ का सेवन किया था और संगीत कार्यक्रम के दौरान शराब भी पी थी।
अधिकारी ने बताया कि उनमें से कई लोगों ने बेचैनी की शिकायत की और उन्हें जोगेश्वरी के एक अस्पताल और अन्य निजी चिकित्सा सुविधाओं में ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि रविवार को अस्पताल में इलाज के दौरान दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य छात्र अस्पताल में भर्ती है, लेकिन उसकी हालत स्थिर है।
उन्होंने कहा कि वनराई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) और अन्य संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है और दो छात्रों, एक संदिग्ध मादक पदार्थ आपूर्तिकर्ता और संगीत कार्यक्रम के आयोजन से जुड़े तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों को बृहस्पतिवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है और जांच जारी है।
भाषा
शुभम दिलीप
दिलीप