मुंबई, पांच मार्च (भाषा) उत्तरी मुंबई में रहने वाले सोलंकी परिवार को एक महीने के अंदर दो सदस्यों की मौत का दुख सहन करना पड़ा है। एक घटना में ओमान की खाड़ी में विस्फोटकों से लदी ड्रोन नौका ने एक तेल टैंकर पर हमला किया, जिसमें परिवार के सबसे छोटे सदस्य की मौत हो गई।
समुद्री नौसेवक और कांदिवली के रहने वाले दीक्षित अमृतलाल सोलंकी (33) सोमवार को मस्कट गवर्नरेट के तट से 52 समुद्री मील दूर तेल टैंकर पर हमले में मारे गए।
‘नेशनल यूनियन ऑफ सीफेरर्स ऑफ इंडिया’ (एनयूएसआई) के सुरेश सोलंकी के अनुसार, दीक्षित लगभग एक महीने पहले अपनी मां के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मुंबई आए थे।
सुरेश सोलंकी ने कहा, “उनके पिता और पूर्व नौसेवक अमृतलाल इस दोहरे दुख के बाद बोलने की स्थिति में नहीं हैं।”
दीक्षित सोलंकी टैंकर पर ऑयलर के पद पर काम कर रहे थे और विस्फोट के बाद उन्हें पहले लापता बताया गया था। उनकी बड़ी बहन दुबई में रहती हैं।
पड़ोसियों ने बताया कि दीक्षित ने हाल ही में अपनी मां की मृत्यु के बाद कुछ समय के लिए कामकाज से अवकाश लिया था। उन्होंने दीक्षित को एक मेहनती और समर्पित नौसैनिक पेशेवर बताया और कहा कि परिवार का भरण-पोषण करने के लिए उन्होंने कठिन परिश्रम किया।
भाषा जोहेब माधव
माधव