नफीसा अली ने अपने गर्भाशय के कैंसर के यकृत तक फैलने की जानकारी दी

Ads

नफीसा अली ने अपने गर्भाशय के कैंसर के यकृत तक फैलने की जानकारी दी

  •  
  • Publish Date - September 14, 2026 / 08:31 PM IST,
    Updated On - September 14, 2026 / 08:31 PM IST

मुंबई, 14 सितंबर (भाषा) अभिनेत्री नफीसा अली सोढ़ी ने सोमवार को बताया कि उनके गर्भाशय के कैंसर के यकृत तक फैलने के बाद अब उनका इलाज ‘टारगेटेड थेरेपी’ (कैंसर कोशिकाओं की वृद्धि या प्रसार को रोकने संबंधी प्रक्रिया) से किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि हाल में हुई एक जांच में कैंसर के यकृत तक फैलने की पुष्टि हुई है।

अभिनेत्री लंबे समय से सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कैंसर से अपनी जंग के बारे में जानकारी साझा करती रही हैं। उन्होंने अस्पताल से अपने स्वास्थ्य को लेकर नवीनतम जानकारी साझा की।

नफीसा (69) ने इंस्टाग्राम पर अस्पताल से अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ‘‘मेरे इलाज की प्रक्रिया बदल गई है और अब मुझे टारगेटेड थेरेपी दी जा रही है… मैं पूरी मजबूती से इस लड़ाई को लड़ रही हूं। हमेशा मेरा हौसला और सकारात्मक सोच बनाए रखने के लिए धन्यवाद।’’

उन्होंने लिखा, ‘‘बहुत सरल शब्दों में कहूं तो पीईटी/सीटी स्कैन से पता चला है कि गर्भाशय/पेरिटोनियल कैंसर बढ़ गया है और यकृत की सतह पर कैंसर के नए निशान दिखाई दिए हैं।’’

‘अमेरिकन कैंसर सोसाइटी’ के अनुसार, ‘टारगेटेड थेरेपी’ कैंसर कोशिकाओं में होने वाले विशिष्ट आनुवंशिक बदलावों को निशाना बनाकर कैंसर का इलाज करती है। इसका इस्तेमाल कैंसर कोशिकाओं की वृद्धि को रोकने या धीमा करने के लिए भी किया जाता है।

नफीसा ने पहली बार 2018 में अपने कैंसर से पीड़ित होने की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि वह स्टेज-3 पेरिटोनियल और गर्भाशय के कैंसर से जूझ रही हैं।

उनकी 2019 में बड़ी सर्जरी हुई थी। हालांकि, 2025 में अभिनेत्री ने बताया कि उन्हें दोबारा कैंसर हो गया है और उनकी फिर से कीमोथेरेपी शुरू कर दी गयी है।

उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘‘आज से मेरी यात्रा का एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। कल मेरा पीईटी स्कैन हुआ… इसलिए अब फिर से कीमोथेरेपी शुरू होगी, क्योंकि सर्जरी संभव नहीं है और यह स्टेज-4 कैंसर है। यकीन मानिए… मुझे जिंदगी से प्यार है।’’

पूर्व मिस इंडिया रहीं नफीसा ने श्याम बेनेगल की फिल्म ‘जुनून’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म में उन्होंने शशि कपूर और नसीरुद्दीन शाह के साथ काम किया था।

उनकी अन्य प्रमुख फिल्मों में ‘मेजर साब’, ‘बेवफा’, ‘लाइफ… इन अ मेट्रो’, ‘गुजारिश’, ‘यमला पगला दीवाना’ और ‘साहेब, बीवी और गैंगस्टर 3’ शामिल हैं।

भाषा गोला नरेश

नरेश