नागपुर डीआरआई ने तस्करी किए गए वन्यजीवों को मुक्त कराया

Ads

नागपुर डीआरआई ने तस्करी किए गए वन्यजीवों को मुक्त कराया

  •  
  • Publish Date - June 26, 2026 / 12:35 PM IST,
    Updated On - June 26, 2026 / 12:35 PM IST

नागपुर, 25 जून (भाषा) राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) की नागपुर इकाई ने आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम में सक्रिय एक अवैध वन्यजीव तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए कई संरक्षित वन्यजीवों को मुक्त कराया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

डीआरआई की नागपुर क्षेत्रीय इकाई की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इस कार्रवाई के दौरान एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया है।

इसमें कहा गया कि अधिकारियों की टीम ने 24 और 25 जून को यह अभियान संचालित किया जिसमें उन्होंने चार ‘मालाबार जायंट स्क्विरेल’, एक ‘इंडियन स्टार’ कछुआ और 14 जंगली मुर्गे को बचाया।

जांच के दौरान टीम ने श्रीकाकुलम से लगभग 60 किलोमीटर दूर रायाकुर्डी गांव के एक दूरस्थ इलाके में छापे मारे, जहां से दो ‘स्मॉल इंडियन सिवेट’ (छोटे भारतीय जंगली बिल्लीनुमा जीव) भी बरामद किए गए।

इन सभी प्रजातियों को वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-I में शामिल किया गया है जिसके तहत इन्हें शिकार, कब्जा, परिवहन और व्यापार से कानूनी सुरक्षा प्राप्त है।

बरामद किए गए सभी वन्यजीवों और गिरफ्तार किए गए संदिग्ध को श्रीकाकुलम वन विभाग को सौंप दिया गया है।

डीआरआई ने अपने बयान में नागरिकों से अपील की है कि वे अवैध वन्यजीव व्यापार से जुड़ी किसी भी जानकारी को संबंधित प्रवर्तन एजेंसियों के साथ साझा करें।

भाषा शोभना रंजन

रंजन