नायडू एवं लोकेश ने तेदेपा के 44वें स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दीं

नायडू एवं लोकेश ने तेदेपा के 44वें स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दीं

नायडू एवं लोकेश ने तेदेपा के 44वें स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दीं
Modified Date: March 29, 2026 / 09:19 am IST
Published Date: March 29, 2026 9:19 am IST

अमरावती, 29 मार्च (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के 44वें स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी ने गरीबों को भोजन, आवास एवं वस्त्र उपलब्ध कराने के एन. टी. रामाराव के सिद्धांत को हमेशा कायम रखा है। उन्होंने कहा कि तेदेपा अपने कार्यकर्ताओं की पार्टी है।

नायडू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘तेलुगु देशम पार्टी के सभी सदस्यों को पार्टी के 44वें स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं।’’

उन्होंने कहा कि दूरदर्शी एनटीआर (एन टी रामाराव) द्वारा स्थापित यह पार्टी ‘‘तेलुगु लोगों की पीढ़ियों की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है।’’

तेदेपा प्रमुख ने इस दिन को पार्टी परिवार के लिए एक उत्सव बताया और संगठन को मजबूत बनाने में प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका को स्वीकार करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री नारा लोकेश ने भी कहा कि पार्टी का जन्म तेलुगु लोगों के आत्मसम्मान और प्रगति के लिए हुआ था।

‘‘समाज मंदिर है और लोग देवता हैं’’ का उद्घोष करने वाले एनटीआर के आदर्शों से प्रेरित लोकेश ने कहा कि पार्टी गरीबों के लिए एक सहारा बनकर खड़ी रही है।

उन्होंने कहा कि तेदेपा के गठन के बाद ही उत्पीड़ित, पिछड़े और कमजोर वर्गों को राजनीतिक और सामाजिक पहचान मिली।

सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री ने कहा कि तेदेपा वह पार्टी है जिसने देश को कल्याणकारी योजनाओं की अवधारणा से परिचित कराया। लोकेश ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पार्टी तेलुगु लोगों को दुनिया में नंबर एक बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है।

भाषा

सिम्मी अमित

अमित


लेखक के बारे में