नायडू भारत के ‘पहले स्वदेशी’, ओपन-एक्सेस क्वांटम कंप्यूटर का 14 अप्रैल को उद्घाटन करेंगे

नायडू भारत के 'पहले स्वदेशी', ओपन-एक्सेस क्वांटम कंप्यूटर का 14 अप्रैल को उद्घाटन करेंगे

नायडू भारत के ‘पहले स्वदेशी’, ओपन-एक्सेस क्वांटम कंप्यूटर का 14 अप्रैल को उद्घाटन करेंगे
Modified Date: April 9, 2026 / 10:13 pm IST
Published Date: April 9, 2026 10:13 pm IST

अमरावती, नौ अप्रैल (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू 14 अप्रैल को भारत के ‘‘पहले स्वदेशी रूप से निर्मित’’ ओपन-एक्सेस कंप्यूटर, अमरावती 1एस और 1क्यू को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

प्रदर्शन और तकनीकी सत्र समेत कार्यक्रम से पहले की गतिविधियां 10 अप्रैल से शुरू होंगी और विश्व क्वांटम दिवस पर औपचारिक उद्घाटन तक जारी रहेंगी।

मुख्यमंत्री के सचिव पी एस प्रद्युम्न ने पत्रकारों को बताया, ‘‘नायडू भारत के पहले स्वदेशी रूप से निर्मित, ओपन-एक्सेस क्वांटम कंप्यूटर अमरावती 1एस और 1क्यू को 14 अप्रैल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। यह एक संप्रभु क्वांटम हार्डवेयर पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।’’

प्रद्युम्न ने कहा कि अमरावती क्वांटम वैली के तहत संचालित यह पहल आंध्र प्रदेश को क्वांटम हार्डवेयर के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी। इसके साथ ही रक्षा, स्वास्थ्य सेवा, क्रायोजेनिक्स और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे क्षेत्रों में इसके उपयोग को भी सक्षम बनाएगी।

उन्होंने कहा कि अमरावती क्वांटम रेफरेंस फैसिलिटीज (एक्यूआरएफ) के तहत विकसित इन प्रणालियों में 80 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी घटक हैं और ये सत्यापन, प्रमाणीकरण और अनुसंधान के लिए भारत के पहले ‘‘क्वांटम हार्डवेयर टेस्टबेड’’ के रूप में काम करेंगी, क्योंकि ‘‘देश में पहले ऐसी कोई पूरी तरह से निर्मित सुविधा मौजूद नहीं थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह भारत की क्वांटम यात्रा में एक महत्वपूर्ण हस्तक्षेप है, जो वैश्विक प्रणालियों पर निर्भरता से हटकर स्वदेशी क्षमता और ओपन-एक्सेस अवसंरचना के निर्माण की दिशा में बदलाव को दर्शाता है।’’

भाषा आशीष माधव

माधव


लेखक के बारे में