महाराष्ट्र में टीपू सुल्तान के नाम पर स्थानों का नामकरण अस्वीकार्य : मंत्री नितेश राणे

महाराष्ट्र में टीपू सुल्तान के नाम पर स्थानों का नामकरण अस्वीकार्य : मंत्री नितेश राणे

महाराष्ट्र में टीपू सुल्तान के नाम पर स्थानों का नामकरण अस्वीकार्य : मंत्री नितेश राणे
Modified Date: February 18, 2026 / 11:58 am IST
Published Date: February 18, 2026 11:58 am IST

ठाणे, 18 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता नितेश राणे ने कहा है कि राज्य में टीपू सुल्तान के नाम पर सार्वजनिक चौराहों का नामकरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे नामों वाले स्थान ‘‘पाकिस्तान में बनाए जाने चाहिए’’।

राणे की यह टिप्पणी ऐसे वक्त आई है जब कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के प्रमुख हर्षवर्धन सपकाल छत्रपति शिवाजी महाराज और 18वीं शताब्दी के मैसूर शासक टीपू सुल्तान को ‘‘समकक्ष’’ बताने के कारण आलोचनाओं का सामना कर रहे हैं।

सपकाल ने मंगलवार को अपनी टिप्पणियों के लिए माफी मांगते हुए कहा कि उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था। हालांकि, उन्होंने दोहराया कि भाजपा के एक दुर्भावनापूर्ण एजेंडे के तहत सामाजिक तनाव पैदा करने के लिए उनकी टिप्पणियों को ‘‘जानबूझकर तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया’’।

ठाणे के मीरा-भयंदर और अन्य शहरों में टीपू सुल्तान के नाम पर बने सार्वजनिक चौराहों के बारे में पूछे जाने पर राणे ने मंगलवार को कहा, ‘‘जहां कहीं भी ऐसे चौराहे हैं, हम उन्हें हटा देंगे। टीपू के नाम पर चौराहे पाकिस्तान और इस्लामाबाद में बनाए जाने चाहिए।’’

राणे ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘हम अपने हिंदू राष्ट्र में इस तरह की हरकतों को बर्दाश्त नहीं करेंगे और हम चुप नहीं रहेंगे।’’ उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह के चौराहों को बनाए रखने या बनाने के किसी भी प्रयास का विरोध किया जाएगा।

ठाणे में मालवानी महोत्सव का दौरा करने वाले राणे ने यह भी कहा कि कोंकण क्षेत्र के लोगों के वास्ते एक केंद्र के रूप में कार्य करने के लिए मुंबई में प्रस्तावित भवन के समान एक ‘कोंकण भवन’ का निर्माण पांच वर्षों के भीतर ठाणे में किया जाएगा।

कोंकण क्षेत्र के कंकावली से विधायक ने कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से नगर आयुक्त के समक्ष इस मामले को उठाएंगे। उन्होंने स्थानीय प्रतिनिधियों से इस पर कार्रवाई करने का आग्रह किया।

राणे ने कहा कि उन्होंने मुंबई की महापौर ऋतु तावडे को पत्र लिखकर राज्य की राजधानी में कोंकण भवन के निर्माण की मांग की है।

भाषा सुरभि मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में