नासिक (महाराष्ट्र), 24 मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के नासिक की एक अदालत ने बलात्कार के मामले में गिरफ्तार ‘स्वयंभू बाबा’ अशोक खरात की पुलिस हिरासत मंगलवार को 29 मार्च तक बढ़ा दी।
अदालत के बाहर एक व्यक्ति ने खरात पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने समय रहते उसे रोक लिया और हिरासत में ले लिया।
आरोपी बाबा को 18 मार्च को गिरफ्तार किया गया और उसकी पुलिस हिरासत की मांग करते हुए लोक अभियोजक अजय मिसर ने कहा कि उसकी अवैध गतिविधियों के बारे में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं।
अभियोजन पक्ष ने बताया कि खरात के खिलाफ मानव बलि और हिरण की खाल व कस्तूरी के लिए उसका शिकार करने जैसे अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने का भी संदेह था।
अभियोजन पक्ष ने बताया कि मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने खरात के कब्जे से एक रिवॉल्वर, 21 कारतूस और पांच खोखे के अलावा छह लाख रुपये नकद, दो लैपटॉप और कुछ दस्तावेज बरामद किए हैं।
एसआईटी के अधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक किरनकुमार सूर्यवंशी ने भी अदालत को जांच से संबंधित जानकारी दी।
अदालत के समक्ष बयान देते हुए खरात ने किसी भी प्रकार के काले जादू में शामिल होने से इनकार किया।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, खरात के पास एक नकली किंग कोबरा और एक बाघ था जिसका इस्तेमाल वे लोगों को डराने के लिए करते थे।
इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी किसी भी बात की जानकारी नहीं है।
हालांकि उनके वकीलों ने पुलिस की याचिका का विरोध किया, लेकिन अदालत ने खरात की पुलिस हिरासत 29 मार्च तक बढ़ा दी।
भूमाता ब्रिगेड की कार्यकर्ता तृप्ति देसाई ने खरात को अदालत में लाए जाने पर उन पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
पुलिस के अदालत कक्ष से निकलते ही भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति ने खरात पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन उसे रोककर हिरासत में ले लिया गया। भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने खरात को अदालत परिसर से बाहर ले जा रही पुलिस की गाड़ी पर भी हमला करने का प्रयास किया।
एसआईटी के अनुसार, खरात के खिलाफ अब तक छह आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं। एसआईटी ने लोगों से इन मामलों या खरात की अन्य गतिविधियों के बारे में जानकारी साझा करने की अपील की है।
उन्होंने मीडिया से पीड़ित महिलाओं की पहचान उजागर न करने का भी अनुरोध किया है।
नासिक जिले के सिन्नर तहसील के मीरगांव में एक मंदिर ट्रस्ट के प्रमुख खरात पर एक महिला ने तीन साल की अवधि में उसके साथ कई बार बलात्कार करने का आरोप लगाया था, जिसके बाद उसे 18 मार्च को गिरफ्तार किया गया था।
इसके बाद सात महीने की एक गर्भवती महिला के कथित यौन शोषण और एक अन्य महिला को दोबारा शादी कराने का झांसा देकर उसका शोषण किये जाने के आरोप में खरात के खिलाफ मामले दर्ज किए गए।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने आज सुबह बताया, ‘एसआईटी ने उनसे संबंधित 100 आपत्तिजनक वीडियो और लगभग 1,500 करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की है। आयकर विभाग खरात और उनसे जुड़े लोगों की वित्तीय अनियमितताओं और संपत्ति की जांच कर रहा है, जबकि साइबर पुलिस वीडियो की जांच कर रही है।’
भाषा
राखी रंजन
रंजन