ठाणे, 12 मार्च (भाषा) नवी मुंबई में एग्री-कोली समुदाय की एक प्रतिमा को कथित तौर पर क्षतिग्रस्त करने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यह घटना वाशी क्षेत्र के सेक्टर 10 में घटी। एग्री-कोली समुदाय (किसान और मछुआरे) का प्रतिनिधित्व करने वाली इस प्रतिमा को नवी मुंबई नगर निगम द्वारा स्थापित किया गया था।
पुलिस ने बताया कि तोड़फोड़ की घटना का पता तब चला जब इसके वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किए गए।
सहायक पुलिस आयुक्त (वाशी डिवीजन) आदिनाथ बुधवंत ने बताया कि वीडियो के बारे में सूचना मिलने के बाद वाशी पुलिस ने जांच शुरू की और बुधवार को पड़ोसी मुंबई के मानखुर्द से दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने वीडियो रिकॉर्ड करने और अपलोड करने के लिए इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 298 (किसी वर्ग के धर्म का अपमान करने के इरादे से पूजा स्थल को चोट पहुंचाना या अपवित्र करना), 299 (किसी वर्ग की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य), 302 (किसी व्यक्ति की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर शब्द आदि बोलना) और 3(5) (सामान्य इरादा) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा तान्या नरेश
नरेश