नवी मुंबई: वार्ड बॉय ने चिकित्सक बनकर इंजेक्शन लगाया, महिला की मौत

Ads

नवी मुंबई: वार्ड बॉय ने चिकित्सक बनकर इंजेक्शन लगाया, महिला की मौत

  •  
  • Publish Date - February 10, 2026 / 12:20 AM IST,
    Updated On - February 10, 2026 / 12:20 AM IST

ठाणे, नौ फरवरी (भाषा) नवी मुंबई के वाशी में एक वार्ड बॉय ने डॉक्टर के तौर पर 21 वर्षीय महिला को दो इंजेक्शन लगाए जिससे उसकी मौत हो गयी। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

वाशी पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि यह घटना पांच फरवरी को हुई।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि प्रचिती भिकूराम भुवद के परिजनों ने अनियमित मासिक धर्म की समस्या से पीड़ित महिला के इलाज के लिए संदीप यशवंत पश्ते से संपर्क किया, जिसने खुद को चिकित्सक बताया था। वह सेक्टर 11 स्थित उनके घर गया और दावा किया कि महिला पॉलीसिस्टिक ओवरी डिसऑर्डर (पीसीओडी) से पीड़ित है। उसने पांच इंजेक्शन लगाने के लिए परिवार से 15,000 रुपये लिए और कहा कि वह स्वयं ये इंजेक्शन लगाएगा।

अधिकारी ने कहा, पांच फरवरी को उसने दो इंजेक्शन लगाए, जिसके बाद भुवद बेहोश हो गयी, जिससे पश्ते घबरा गया।

अधिकारी ने कहा, ‘पश्ते ने पीड़िता के पिता से इस्तेमाल की गई सीरिंज और मेडिकल कचरे से भरे बैग को कूड़े में फेंकने के लिए कहा। भुवद को पास के अस्पताल ले जाया गया, दो घंटे बाद उसकी मौत हो गई। उसके रिश्तेदारों द्वारा घेरने पर, पश्ते ने स्वीकार किया कि वह मुंबई के अंधेरी में एक निजी नर्सिंग होम में वार्ड बॉय था।’

उन्होंने बताया कि परिवार की शिकायत के आधार पर, पश्ते पर छह फरवरी को भारतीय न्याय संहिता के तहत गैर इरादतन हत्या, धोखाधड़ी और अन्य अपराधों के लिए मामला दर्ज किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा तान्या प्रशांत

प्रशांत

शीर्ष 5 समाचार