नागपुर और पुणे में ड्रोन प्रशिक्षण केंद्र स्थापित कर रही एनसीसी : मेजर जनरल त्यागी
नागपुर और पुणे में ड्रोन प्रशिक्षण केंद्र स्थापित कर रही एनसीसी : मेजर जनरल त्यागी
नागपुर, 29 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र राष्ट्रीय कैडेट कोर निदेशालय के अतिरिक्त महानिदेशक मेजर जनरल विवेक त्यागी ने बुधवार को कहा कि एनसीसी नागपुर और पुणे में ड्रोन प्रशिक्षण केंद्र स्थापित कर रही है।
उन्होंने अग्निपथ योजना को एनसीसी कैडेटों और साधारण पृष्ठभूमि के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण योजना करार दिया।
मेजर जनरल त्यागी ने नागपुर के अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान नागपुर एनसीसी मुख्यालय में प्रेस वार्ता में कहा कि महाराष्ट्र में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के कैडेटों की संख्या लगभग 1.5 लाख है।
उन्होंने कहा, ‘‘एनसीसी अपने कैडेटों को कौशल प्रदान कर रही है और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करने हेतु प्रौद्योगिकी एवं आधुनिक सुविधाओं से अवगत करा रही है। इसी दिशा में एनसीसी महाराष्ट्र एक ड्रोन प्रशिक्षण केंद्र शुरू कर रही है और नागपुर एनसीसी कैडेटों के प्रशिक्षण का प्रमुख केंद्र बन रहा है।’’
अधिकारी ने कहा कि नागपुर के साथ-साथ पुणे में एक और प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि एनसीसी ‘सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ एडवांस्ड कंप्यूटिंग’ (सी-डैक) और अन्य संस्थाओं के साथ मिलकर जल्द ही अपने कैडेटों के लिए साइबर जागरूकता प्रशिक्षण शुरू करने की योजना बना रही है।
त्यागी ने कहा कि उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा है और विदर्भ क्षेत्र के लिए नागपुर में उत्कृष्टता केंद्र (एनसीसी अकादमी) शुरू करने के लिए संसाधन जुटाने के वास्ते जल्द ही उनसे मुलाकात करेंगे।
अग्निपथ योजना के प्रति एनसीसी कैडेटों की प्रतिक्रिया के बारे में पूछे जाने पर त्यागी ने कहा कि भर्ती कार्यक्रम की बहुत अच्छी शुरुआत रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘अग्निवीर एनसीसी कैडेटों और दूरदराज तथा गरीब पृष्ठभूमि के युवाओं के लिए काफी महत्वपूर्ण है।’’
भाषा
नेत्रपाल माधव
माधव

Facebook


