राकांपा के विलय की बातचीत की जानकारी थी, इसके खिलाफ नहीं था : तटकरे

Ads

राकांपा के विलय की बातचीत की जानकारी थी, इसके खिलाफ नहीं था : तटकरे

  •  
  • Publish Date - April 1, 2026 / 04:13 PM IST,
    Updated On - April 1, 2026 / 04:13 PM IST

मुंबई, एक अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष सुनील तटकरे ने कहा है कि उन्हें अपनी पार्टी और शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शप) के बीच विलय की वार्ता की जानकारी थी। उन्होंने जोर देकर कहा कि वह इसके खिलाफ नहीं थे।

राकांपा प्रमुख और तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की अचानक मृत्यु पर शोक मना रही पार्टी में विलय की बातचीत सार्वजनिक होने पर निराशा व्यक्त करते हुए तटकरे ने कहा कि असली सवाल यह है कि ‘कौन किसके साथ विलय करेगा’?

लोकसभा सदस्य ने पुष्टि की कि राकांपा सत्तारूढ़ भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के साथ गठबंधन में बनी रहेगी।

28 जनवरी को अजित पवार के निधन के तुरंत बाद, शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा (शप) के वरिष्ठ नेताओं ने दावा किया था कि राकांपा प्रमुख की मृत्यु से पहले विलय की योजना चल रही थी। राकांपा नेताओं ने तब इस दावे को खारिज करते हुए कहा था कि ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया था।

राकांपा विधायक सुनील शेल्के, जिन्हें अजित पवार का कट्टर वफादार माना जाता था और विधानसभा में पार्टी के उपसभापति अन्ना बानसोडे ने हाल ही में पार्टी के विलय का समर्थन किया है जिसका नेतृत्व अब उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार कर रही हैं।

तटकरे ने एक मराठी चैनल को बताया, ‘ऐसा नहीं है कि मैं विलय के खिलाफ था। मुझे बातचीत की जानकारी थी।’

अजित पवार के निधन पर पार्टी के शोक में डूबे होने के बीच वार्ताओं के सार्वजनिक होने पर अपनी निराशा दोहराते हुए तटकरे ने कहा कि सवाल यह है कि कौन किसके साथ विलय करेगा?

उन्होंने जोर देकर कहा, ‘हम भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के सहयोगी बने रहेंगे।’

भाषा तान्या नरेश

नरेश