ठाणे, 23 मई (भाषा) नवी मुंबई के पाम बीच मार्ग पर एक एसयूवी के यातायात अवरोधक से टकराने के बाद उससे 70 लाख रुपये मूल्य की अफीम और एक देसी पिस्तौल बरामद की गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस निरीक्षक (अपराध) भास्कर कोकारे ने बताया कि यह दुर्घटना शुक्रवार तड़के करीब साढ़े चार बजे हुई। राजस्थान पंजीकृत दुर्घटनाग्रस्त एसयूवी का चालक हादसे के बाद वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया।
उन्होंने कहा, ‘हमारी टीम को वाहन से एक तीखी गंध आ रही थी। तलाशी लेने पर कार की डिग्गी से प्लास्टिक की तीन बोरियां बरामद हुईं, जिनमें 69 किलोग्राम अफीम भरी थी। इसके अलावा डैशबोर्ड से एक देसी पिस्तौल भी मिली।’
अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में अज्ञात चालक के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम, शस्त्र अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा प्रचेता सिम्मी
सिम्मी