पालघर में दस्तावेज सत्यापन के लिए 100 से अधिक नाइजीरियाई नागरिक हिरासत में, कोकीन जब्त
पालघर में दस्तावेज सत्यापन के लिए 100 से अधिक नाइजीरियाई नागरिक हिरासत में, कोकीन जब्त
पालघर (महाराष्ट्र), चार फरवरी (भाषा) पालघर जिले में अवैध रूप से रह रहे विदेशियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बुधवार को नालासोपारा पूर्व क्षेत्र में दस्तावेजों के सत्यापन के लिए 109 नाइजीरियाई नागरिकों को हिरासत में लिया। अभियान के दौरान ली गई तलाशी में लगभग दो किलोग्राम कोकीन जब्त की गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने कहा कि अब तक इनमें से किसी ने भी वैध यात्रा और निवास संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए हैं।
पुलिस उपायुक्त पूर्णिमा चौगुले-श्रृंगी ने कहा कि मीरा-भयंदर वसई-विरार (एमबीवीवी) पुलिस की टीम ने सुबह छह बजे तलाशी अभियान चलाया।
उन्होंने कहा, ‘एक जगह पर हमने एक व्यक्ति से दो किलोग्राम कोकीन जब्त की है और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है।’
अधिकारी ने बताया कि नाइजीरिया, युगांडा और घाना सहित कई देशों के नागरिक नालासोपारा, अचोले और तुलिंज में रहते हैं और ये मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल पाए गए हैं।
चौगुले-श्रृंगी ने कहा, ‘ये विदेशी नागरिक लगातार मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल रहे हैं और हाल ही में यह भी पता चला है कि उन्होंने अवैध दुकानें भी खोल रखी हैं। वसई-विरार नगर निगम को भी इन गतिविधियों की जानकारी थी। इसलिए, हमने मादक पदार्थों और अवैध प्रतिष्ठानों के खिलाफ समन्वित कार्रवाई शुरू की है।’
डीसीपी ने बताया कि पुलिस ने हिरासत में लिए गए लोगों को अपने यात्रा और निवास संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया। उन्होंने कहा, ‘अब तक एक भी व्यक्ति वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया है… जो लोग वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर सकेंगे, उन्हें रहने की अनुमति दी जाएगी, जबकि जो ऐसा करने में विफल रहेंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें उन्हें वापस उनके देश भेजा जाना भी शामिल है।’
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश

Facebook


