विस्तारा की अंतरराष्ट्रीय उड़ान के यात्रियों को ‘‘गलती से’’ घरेलू टर्मिनल ले जाया गया

Ads

विस्तारा की अंतरराष्ट्रीय उड़ान के यात्रियों को ‘‘गलती से’’ घरेलू टर्मिनल ले जाया गया

  •  
  • Publish Date - February 5, 2024 / 03:16 PM IST,
    Updated On - February 5, 2024 / 03:16 PM IST

मुंबई, पांच फरवरी (भाषा) विस्तारा की दुबई से आयी एक उड़ान के रविवार को उतरने के बाद उसके कुछ यात्रियों को आव्रजन प्रक्रिया पूरी किए बिना मुंबई हवाई अड्डे के घरेलू टर्मिनल पर ले जाया गया, जबकि एयरलाइन ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए परिचालन प्रक्रियाओं को सख्त किया जाएगा।

भारतीय हवाई अड्डों पर आने वाले अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को अनिवार्य रूप से आव्रजन प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है और नवीनतम घटना परोक्ष तौर पर सुरक्षा उल्लंघन है।

विस्तारा के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि कुछ यात्रियों को ‘गलती से’ अंतरराष्ट्रीय आगमन के बजाय घरेलू आगमन ले जाया गया और बाद में इन यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय आगमन की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए निर्दिष्ट टर्मिनल पर ले जाया गया।

प्रवक्ता ने कहा, ‘‘चार फरवरी को विस्तारा की उड़ान यूके 202 से दुबई से मुंबई आने वाले हमारे कुछ ग्राहकों को गलती से अंतरराष्ट्रीय आगमन के बजाय घरेलू आगमन में ले लिया गया।’

नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बीसीएएस) की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आयी है।

एयरलाइन ने कहा कि उसके दलों ने ‘‘सुरक्षा एजेंसियों’’ और संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करने के लिए काम किया कि इन यात्रियों को उनके आगमन की औपचारिकताएं पूरी करने और उनकी यात्रा पूरी करने के लिए निर्दिष्ट क्षेत्र में ले जाया जाए।

विस्तारा ने कहा, ‘हम किसी भी पुनरावृत्ति से बचने के लिए अपनी मानक संचालन प्रक्रियाओं पर दोबारा गौर कर रहे हैं और उन्हें और सख्त कर रहे हैं।’

इससे पहले, ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा गया था, ‘विस्तारा एयरलाइंस में बड़ी गड़बड़ी/सुरक्षा उल्लंघन।’

‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा गया, ‘दुबई यूके202 से अभी पहुंचे सभी यात्रियों को बस द्वारा सभी आव्रजन/सीमा शुल्क को दरकिनार करते हुए सीधे घरेलू टर्मिनल गेट पर सामान बेल्ट पर छोड़ दिया गया।’’

भाषा अमित रंजन

रंजन