परिवार की विरासत को मिटाने के लिए बारामती में ‘पवार बनाम पवार’ की कोशिश:रोहित पवार

Ads

परिवार की विरासत को मिटाने के लिए बारामती में ‘पवार बनाम पवार’ की कोशिश:रोहित पवार

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 04:11 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 04:11 PM IST

पुणे, 23 अप्रैल (भाषा) राकांपा (एसपी) नेता रोहित पवार ने बृहस्पतिवार को कहा कि बारामती में कोई भी 2029 के विधानसभा चुनावों में ‘पवार बनाम पवार’ की लड़ाई नहीं देखना चाहता, लेकिन राकांपा से जुड़े कुछ लोग इस तरह के मुकाबले के पक्ष में प्रतीत होते हैं क्योंकि वे पवार परिवार की विरासत को समाप्त करना चाहते हैं।

रोहित परोक्ष रूप से भाजपा को निशाना बना रहे थे, जो महाराष्ट्र में ‘महायुति’ सरकार का नेतृत्व कर रही है और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के साथ सत्ता साझा करती है।

राकांपा की कमान वर्तमान में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के हाथ में है, जिन्होंने जनवरी में अपने पति अजित पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु के बाद पार्टी की बागडोर संभाली थी। सुनेत्रा पवार बारामती उपचुनाव में ‘महायुति’ की उम्मीदवार के रूप में मैदान में हैं, जिसके लिए बृहस्पतिवार को मतदान हो रहा है।

वर्ष 2029 में बारामती में दिवंगत अजित पवार के बेटे जय और उनके चचेरे भाई युगेंद्र पवार के बीच संभावित मुकाबले को लेकर जारी अटकलों पर रोहित पवार ने कहा, ‘‘बारामती की जनता की इच्छा के विरुद्ध, पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों में ‘पवार बनाम पवार’ का मुकाबला हुआ।’’

बारामती उपचुनाव के लिए मतदान करने के बाद उन्होंने कहा, ‘‘कल अगर जय उनकी पार्टी (राकांपा) से चुनाव लड़ते हैं, तो युगेंद्र पवार भी राकांपा (एसपी) से मैदान में उतर सकते हैं। ऐसे में, बारामती में ‘पवार बनाम पवार’ का मुकाबला हो सकता है, भले ही जनता ऐसा न चाहे।’’

अहिल्यानगर जिले के कर्जत-जामखेड़ विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले रोहित ने कहा कि न तो पवार परिवार और न ही बारामती के लोग इस तरह की (पवार बनाम पवार की) लड़ाई चाहते हैं।

भाषा शफीक वैभव

वैभव