नयी दिल्ली, 25 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी की पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में नकली और गैर-अनुमोदित कैंसर रोधी तथा अन्य जीवनरक्षक दवाओं की तस्करी, मिलावट और वितरण में कथित रूप से संलिप्त एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 39 वर्षीय एक डॉक्टर को गिरफ्तार किया है और कई संदिग्ध नकली तथा अवैध रूप से आयातित दवाइयां बरामद की हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान हरियाणा के फरीदाबाद निवासी डॉ. मनीष शर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस ने एक बयान में कहा कि बरामद की गई कुछ दवाइयां कथित तौर पर अवैध रास्तों से भारत में तस्करी कर लाई गई थीं, जबकि कुछ अन्य ऐसी दवाइयां थीं जिन्हें केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) या भारतीय औषधि महानियंत्रक (डीसीजीआई) ने देश में बिक्री के लिए मंजूरी नहीं दी है।
दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में नकली कैंसर रोधी और जीवनरक्षक दवाइयों की आपूर्ति के बारे में 21 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी जिसके बाद अपराध शाखा ने यह अभियान चलाया था।
बयान में कहा गया है कि जानकारी से पता चलता है कि प्रतिष्ठित दवा कंपनियों के लेबल का एक गिरोह इस्तेमाल कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को दक्षिण पूर्वी दिल्ली के सुखदेव विहार से गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने बताया कि आईक्लूसिग (पोनाटिनिब) टैबलेट के चार पैकेट बरामद किए गए हैं। पुलिस का दावा है कि इस दवा को भारत में बिक्री की मंजूरी नहीं मिली है और इसकी कीमत अमेरिका में करीब 17,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 17 लाख रुपये) प्रति डिब्बा है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बयान में कहा, “पोनाटिनिब का इस्तेमाल ल्यूकेमिया (रक्त कैंसर) के उपचार में किया जाता है। यह कैंसर कोशिकाओं की वृद्धि में शामिल असामान्य प्रोटीन को अवरुद्ध करके काम करती है।”
पुलिस ने बताया कि ह्यूमन एल्ब्यूमिन सॉल्यूशन आईपी 20 प्रतिशत की 100-100 मिलीलीटर क्षमता वाली चार शीशियां भी बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार, यह उत्पाद तुर्किये का प्रतीत होता है और इसे कथित तौर पर तस्करी के जरिए भारत लाया गया था।
पुलिस ने इसके अलावा भी कई दवाइयां बरामद की हैं।
पुलिस ने बताया कि बरामद दवाओं से जुड़ी मूल कंपनियां जापान और अमेरिका में स्थित हैं, जबकि पता चला है कि संदिग्ध नकली उत्पादों का निर्माण तुर्किये में किया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से मध्य प्रदेश के भिंड जिले का रहने वाला है। उसने ग्वालियर में 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की और इसके बाद एमबीबीएस की पढ़ाई करने के लिए रूस चला गया था।
भाषा नोमान
नोमान सुभाष
सुभाष
सुभाष