कोलकाता, 25 अगस्त (भाषा) पश्चिम बंगाल में एक बढ़ई ने अभिनेता एवं तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक सोहम चक्रवर्ती पर आरोप लगाया है कि जब वह फर्नीचर के काम की बकाया भुगतान राशि मांगने के लिए उनके बेहाला स्थित आवास पर गया तो उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
बेहाला थाने के एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
शिकायतकर्ता राजकपूर शर्मा ने बेहाला थाने में चक्रवर्ती के खिलाफ सोमवार को लिखित शिकायत दी। उसने आरोप लगाया कि उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया, उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से धक्का देकर बाहर निकाल दिया गया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें लिखित शिकायत मिली है और आरोपों की जांच की जा रही है।’’
शर्मा ने अपनी शिकायत में कहा कि चक्रवर्ती ने अपने फ्लैट में फर्नीचर का काम कराने के लिए करीब दो महीने पहले उसकी सेवाएं ली थीं। उसने कहा कि उसे 30,000 रुपये अग्रिम दिए गए थे और बाकी रकम काम पूरा होने के बाद दी जानी थी।
शर्मा ने दावा किया कि काम पूरा होने के बाद उसने करीब 80,000 रुपये की बकाया राशि के भुगतान के लिए चक्रवर्ती से संपर्क किया लेकिन उन्होंने यह रकम देने से कथित तौर पर इनकार कर दिया।
शर्मा ने कहा कि रविवार को चक्रवर्ती के एक सुरक्षाकर्मी ने उससे संपर्क किया और अगले दिन अभिनेता के आवास पर आने को कहा।
शर्मा ने शिकायत में आरोप लगाया कि वह सोमवार को जब अभिनेता के आवास पर पहुंचा तो उसे यह कहकर काफी देर तक इंतजार कराया गया कि उसका भुगतान कर दिया जाएगा और उसने जब इस बात पर जोर दिया कि उसकी बकाया रकम उसे दी जाए तो उसे कथित तौर पर अपशब्द कहे गए और उसका मोबाइल फोन छीन लिया गया।
उसने आरोप लगाया कि इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से जबरन बाहर निकाल दिया गया।
इस बारे में चक्रवर्ती से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनकी प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।
चक्रवर्ती को 2026 के विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा था। वह इससे पहले भी विवादों में रहे हैं।
चक्रवर्ती पर उनके विधायक रहने के दौरान आरोप लगा था कि उन्होंने एक फिल्म की शूटिंग के दौरान पार्किंग को लेकर हुए झगड़े के बाद न्यू टाउन इलाके के एक होटल के मालिक और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया था।
इस घटना को लेकर विवाद पैदा होने के बाद चक्रवर्ती ने अपने व्यवहार के लिए माफी मांगी थी।
भाषा सिम्मी सुभाष
सुभाष