प्रधानमंत्री मोदी दबाव में काम कर रहे हैं: पृथ्वीराज चव्हाण

प्रधानमंत्री मोदी दबाव में काम कर रहे हैं: पृथ्वीराज चव्हाण

प्रधानमंत्री मोदी दबाव में काम कर रहे हैं: पृथ्वीराज चव्हाण
Modified Date: February 25, 2026 / 07:09 pm IST
Published Date: February 25, 2026 7:09 pm IST

मुंबई, 25 फरवरी (भाषा) कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने बुधवार को सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऐसे समय में इजराइल का दौरा क्यों कर रहे हैं जब क्षेत्र में तनाव अपने चरम पर है।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि, ‘‘प्रधानमंत्री इस समय बहुत अधिक दबाव में हैं क्योंकि वह पहले ही ‘काफी हद तक एकतरफा भारत-अमेरिका सौदे’ को मंजूरी दे चुके हैं और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में भारत ने रूस से सस्ता तेल खरीदना बंद करने पर भी सहमति जताई है।’’

चव्हाण ने ‘पीटीआई वीडियो’ से बातचीत में कहा, ‘‘हाल ही में…अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर और एक उच्च स्तरीय (अमेरिकी) नौसेना के एडमिरल चंडीगढ़ स्थित हमारी सेना की पश्चिमी कमान के मुख्यालय गए थे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘तो उन्हें किसने भेजा? अब तक किसी भी विदेशी राजदूत को इतनी संवेदनशील जगह पर जाने की अनुमति नहीं थी।’’ चव्हाण ने सवाल उठाया कि इस तरह के दौरे की अनुमति क्यों दी गई।

प्रधानमंत्री के नौ वर्षों में दूसरी बार इजराइल का दौरा करने का जिक्र करते हुए चव्हाण ने बताया कि केवल दो दिन पहले ही भारत ने अपने सभी नागरिकों को ईरान छोड़ने का परामर्श दिया था, क्योंकि अमेरिका द्वारा ईरान पर सैन्य हमले शुरू करने की आशंका है।

कांग्रेस नेता ने पूछा, ‘‘ऐसे शत्रुतापूर्ण माहौल में जब किसी को पता ही नहीं कि क्या हो रहा है, उन्हें वहां जाने का क्या कारण था?’’

उन्होंने दावा किया कि संसद और संसदीय समितियों को इन मामलों की जानकारी नहीं दी जा रही है।

भाषा संतोष रंजन

रंजन


लेखक के बारे में