राकांपा की तुलना में भाजपा के ज्यादा करीब हैं प्रफुल्ल पटेल : संजय राउत
राकांपा की तुलना में भाजपा के ज्यादा करीब हैं प्रफुल्ल पटेल : संजय राउत
मुंबई, चार फरवरी (भाषा) शिवसेना (उबाठा) के नेता संजय राउत ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल पर निशाना साधते हुए बुधवार को कहा कि वह (पटेल) अपनी पार्टी से ज्यादा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अधिक करीबी हैं।
राउत ने कहा कि प्रफुल्ल पटेल को वही करना चाहिए जो केवल महाराष्ट्र और मराठी मानुष को स्वीकार्य हो।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी पवारों की है, पटेलों की नहीं।
शिवसेना (उबाठा) के नेता ने दावा किया कि राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे का झुकाव भी भाजपा की ओर देखा जा रहा है।
राउत ने कहा, ‘‘ प्रफुल्ल पटेल को वही करना चाहिए जो केवल महाराष्ट्र और मराठी मानुष को स्वीकार्य हो। राकांपा पवारों की पार्टी है, पटेलों की नहीं। प्रफुल्ल पटेल अपनी पार्टी के नेता होने से भी ज्यादा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भक्त हैं।’’
पटेल ने मंगलवार को कहा था कि वह राकांपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की दौड़ में नहीं हैं। यह पद दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के पास था।
विपक्ष पटेल को निशाना बना रहा है और उन पर अजित पवार की मृत्यु के बाद राकांपा का नेतृत्व करने की महत्वाकांक्षा रखने का आरोप लगा रहा है।
राउत ने यह भी आरोप लगाया कि शरद पवार और बाल ठाकरे द्वारा स्थापित मूल राकांपा और शिवसेना में विभाजन के लिए भाजपा जिम्मेदार है।
पुणे जिले के बारामती में 28 जनवरी को हुए विमान हादसे में राकांपा अध्यक्ष अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।
भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश
पवनेश

Facebook


