पुणे के डॉक्टर से शेयर बाजार निवेश के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में 12 करोड़ रुपये की ठगी

Ads

पुणे के डॉक्टर से शेयर बाजार निवेश के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में 12 करोड़ रुपये की ठगी

  •  
  • Publish Date - April 9, 2026 / 10:59 AM IST,
    Updated On - April 9, 2026 / 10:59 AM IST

पुणे, नौ अप्रैल (भाषा) पुणे के एक डॉक्टर से ऑनलाइन शेयर बाजार में निवेश कर भारी मुनाफे का झांसा देकर 12.31 करोड़ रुपये की ठगी की गई। पुलिस ने बताया कि जालसाजों ने उन्हें कई निवेश करने के लिए कथित तौर पर मजबूर किया।

पुलिस के अनुसार, जनवरी के अंतिम सप्ताह में 75 वर्षीय व्यक्ति को एक अज्ञात नंबर से संदेश मिला, जिसमें कुछ शेयरों की सूची और एक लिंक दिया गया था।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि लिंक पर क्लिक करते ही पीड़ित एक ‘व्हाट्सऐप ग्रुप’ में जुड़ गए। जहां ग्रुप के ‘एडमिन’ ने खुद को एक वैश्विक वित्तीय प्रबंधन कंपनी का वरिष्ठ अधिकारी बताया। इनमें से एक ने खुद को शेयर बाजार संबंधी लेखक भी बताया।

जांच अधिकारियों के अनुसार, ‘ग्रुप’ का उपयोग निवेश से होने वाले मुनाफे संबंधित संदेश की मदद से विश्वनीयता बनाने के लिए किया जा रहा था।

इस ‘व्हाट्सऐप ग्रुप’ के सदस्यों को गिरोह का हिस्सा माना जा रहा है।

पुलिस ने कहा, ‘‘शेयर बाजार निवेश में रुचि दिखाने पर डॉक्टर को एक फर्जी ‘ट्रेडिंग ऐप’ से जोड़ा गया और डॉक्टर से उनके व्यक्तिगत एवं वित्तीय विवरण साझा करने को कहा गया। इसके अलावा उनसे कई बैंक खातों में रकम स्थानांतरित करने को कहा गया।’’

पुलिस ने बताया कि सात मार्च से 18 मार्च के बीच पीड़ित ने कुल 12.31 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए। इसके बाद जब उन्होंने और निवेश करने में हिचकिचाहट दिखाई, तो आरोपियों ने कथित तौर पर उनकी संपत्ति जब्त करने की धमकी दी।

शिकायत के अनुसार, बाद में उक्त मंच पर 54 करोड़ रुपये का मुनाफे दिखने पर जब पीड़ित ने पैसे निकालने की कोशिश की तो उन्हें फिर से धमकाया गया, जिसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

भाषा प्रचेता सुरभि

सुरभि