राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं से कांग्रेस की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़े रहने को कहा

राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं से कांग्रेस की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़े रहने को कहा

राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं से कांग्रेस की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़े रहने को कहा
Modified Date: September 2, 2026 / 07:38 pm IST
Published Date: September 2, 2026 7:38 pm IST

नासिक, दो सितंबर (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बुधवार को जिला स्तर के पार्टी नेताओं से कांग्रेस की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़े रहने और लोगों को न्याय सुनिश्चित करने के लिए काम करने को कहा।

महाराष्ट्र में जिला कांग्रेस अध्यक्षों के लिए नासिक के पास आयोजित एक प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए गांधी ने प्रतिभागियों के सामने कराटे और जुजुत्सु का प्रदर्शन भी किया। जुजुत्सु जापान का पारंपरिक मार्शल आर्ट है।

कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य आरिफ नसीम खान ने कहा कि गांधी ने नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों और उनके परिवारों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा, ‘‘गांधी ने उन्हें संदेश दिया कि उन्हें कांग्रेस की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़ा रहना चाहिए और लोगों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करना चाहिए।’’

गांधी सुबह नासिक पहुंचे, महाराष्ट्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की और प्रशिक्षण शिविर में जाने से पहले आदिवासी छात्रों के साथ बातचीत की।

कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि गांधी ने जिला इकाई अध्यक्षों के साथ करीब दो घंटे तक बातचीत की। उन्होंने उन्हें जुजुत्सु और कराटे का प्रदर्शन भी किया तथा इस बारे में भी बात की कि मानसिक और शारीरिक रूप से कैसे मजबूत बनाया जा सकता है।

राज्य में नवनियुक्त जिला कांग्रेस अध्यक्षों के लिए 10 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम बुधवार को गांधी की मौजूदगी में संपन्न हुआ।

नासिक के एक दिवसीय दौरे के दौरान गांधी ने पार्टी की संगठनात्मक तैयारियों का जायजा लिया, प्रदेश के शीर्ष नेताओं और आदिवासी प्रतिनिधियों से मुलाकात की तथा नवनियुक्त जिला अध्यक्षों के साथ बातचीत की।

महाराष्ट्र कांग्रेस ने संगठनात्मक पुनर्गठन के तहत मई में 69 नये जिला और शहर अध्यक्ष नियुक्त किए थे।

यह 22 अगस्त के बाद गांधी का दूसरा राज्य दौरा था। 22 अगस्त को उन्होंने पेपर लीक, परीक्षा में अनियमितताओं और बढ़ती फीस के खिलाफ पुणे में ‘‘छात्रों की गूंज’’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने नासिक में संवाददाताओं से कहा कि प्रदेश इकाई के नेताओं ने गांधी के साथ महाराष्ट्र के ‘‘वर्तमान महत्वपूर्ण मुद्दों’’ पर चर्चा की।

चव्हाण ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के बाद महाराष्ट्र में मसौदा मतदाता सूची से 2.06 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए जाने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि अक्टूबर से शुरू होने वाले नासिक कुंभ मेले के लिए बजटीय आवंटन और महंगाई पर भी चर्चा हुई।

चव्हाण ने कहा, ‘‘हमने महाराष्ट्र में किसान आत्महत्याओं और एक लाख करोड़ रुपये की शक्तिपीठ राजमार्ग परियोजना का किसानों द्वारा विरोध जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की।’’

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने बुधवार को नासिक में गांधी के दौरे के खिलाफ प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि उनकी पार्टी संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने का विरोध कर रही है।

नासिक महापौर हिमगौरी आहेर-अडके और भाजपा की अन्य महिला नेताओं तथा समर्थकों ने गांधी के दौरे के विरोध में मार्च निकाला।

भाषा अमित नरेश

नरेश


लेखक के बारे में